महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 3 सितंबर। समीप के ग्राम सांकरा जंगल के कक्ष क्रमांक 258 में विगत कुछ वर्षों से कुछ बाहरी लोगों द्वारा पेड़ों को काट कर कब्जा कर लिए जाने के बाद अब ग्रामीणों ने अवैध कब्जा हटाने की लगातार मांग के बाद ग्रामीणों ने भी जंगल काटना प्रारम्भ कर दिया है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने वन विभाग को एक शिकायत लिख कर बताया है कि ग्राम पंचायत बड़े टेमरी व ग्राम पंचायत सांकरा के मध्य कक्ष क्रमांक 258 में बाहरी व्यक्ति (शिकारी) द्वारा शासन से रोपित सागौन के बड़े वृक्षों को काटकर लगभग 1 एकड़ वन भूमि पर अवैध कब्जा कर भवन निर्माण कर रहा है। उसके द्वारा उसी वन भूमि पर मूर्ति स्थापना कर पूजा पाठ प्रारंभ कर दिया है और भविष्य में कब्जा करने की फिराक में है तथा उसी के द्वारा कब्जा भूमि के पूर्व दिशा में भी कब्जा किया था, जिसे वन विभाग द्वारा हटाया गया है।
ज्ञात हो कि इन्हीं के द्वारा ग्राम बड़े टेमरी में भी वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण कर लिया है। ग्रामीणों ने इस अवैध निर्माण तत्काल हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी थी और कहा था कि यदिउक्त व्यक्ति से 7 दिवस के भीतर कब्जा नहीं हटवाया गया तो हम ग्रामीणों द्वारा कक्ष क्रमांक 258 में पेड़ काटकर कब्जा किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी । इसके बाद कल ग्रामीणों ने जंगल का एक हिस्सा काटना प्रारम्भ कर दिया।
इसके बावजूद इन्हें रोकने वन अमला कहीं दिखाई नहीं दिया।
अधिकारियों को जानकारी दी गई है-वनरक्षक
सांकरा बीट के वन रक्षक सोहन यादव ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि कुछ शिकारी विगत 3 साल से कक्ष क्रमांक 258 के एक हिस्से में बड़े पेड़ काटकर अपना घर बना चुके है। पूर्व में कोरोना महामारी के कारण कार्रवाई नहीं की जा सकी थी अब कार्यवाही हेतु उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।
वहीं पिथौरा के प्रभारी रेंजर श्री तांडे ने बताया कि उन्हें जानकारी नही ंहै अभी दिखता हूं। अवैध हुआ तो कब्जा हटा कर मामला न्यायालय को सौंपा जाएगा।