महासमुन्द

सिलेंडर में 200 रुपए की कटौती केंद्र का चुनावी लॉलीपॉप-राशि
30-Aug-2023 3:43 PM
सिलेंडर में 200 रुपए की कटौती केंद्र का चुनावी लॉलीपॉप-राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अगस्त। केंद्र सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के दाम में दो सौ रुपए की कटौती को कांग्रेस नेत्री और नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने चुनावी लॉलीपॉप कहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जी गैस सिलेंडर के दाम में 2 सौ रुपए की कटौती कर देश की महिलाओं को रक्षाबंधन पर तोहफा देने की बात कह रहे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या रक्षाबंधन का पर्व पांच साल में पहली बार आया है। पिछले चार सालों तक उन्होंने सिलेंडर के दाम में वृद्धि कर देश की महिलाओं को रक्षाबंधन पर क्या दिया था जो इस बार कटौती कर तोफहा दे रहे हैं। भाजपा शासनकाल में सिलेंडर के दाम में जो वृद्धि हुई है उससे महिला वर्ग खासकर वे महिलाएं अधिक परेशान हंै जो रोजी मजदूरी कर अपना घर चलाती है और जिन्हें मोदी जी ने उज्ज्वला योजना के तहत दो सौ रुपए में गैस कनेक्शन दिया है।

लेकिन सिलेंडर के दाम में सरकार द्वारा की गई वृद्धि से देश की महिलाएं इस योजना का सही तरीके से लाभ नहीं ले पा रही हैं। स्थिति ये है कि कनेक्शन तो महिलाओं को मिल गया है पर वे सिलेंडर के दाम अधिक होने से रिफलिंग नहीं करा पा रही है। श्रीमती महिलांग ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद से दाम में कटौती कम और वृद्धि अधिक हुई है। जिसका नतीजा है कि साल 2014 में 500 रुपए में मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर आज 12 सौ रुपए हो गया है। कांग्रेस सरकार में सिलेंडर की कीमत को लेकर वर्तमान केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी विपक्ष में रहते हुए सडक़ पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करती थी। पर आज भाजपा सरकार में गैस सिलेंडर के दाम में वृद्धि को लेकर उन्होंने चुप्पी साध ली हैं। उन्हें अब महंगाई नजर नहीं आ रही है उनके हिसाब से देश में मोदी के पीएम बनने के बाद से महंगाई खत्म हो गई है।


अन्य पोस्ट