महासमुन्द

23 लाख की शराब यूपी ले जाते 2 हिरासत में
27-Aug-2023 2:31 PM
23 लाख की शराब यूपी ले जाते 2 हिरासत में

ट्रक, मोबाइल, नगदी बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 27 अगस्त।
रेहटीखोल बेरियर के पास ओडिशा से महासमुंद के रास्ते 23 लाख की गोवा शराब उत्तरप्रदेश ले जाते 2 लोगों को हिरासत में लिया है। उक्त शराब के साथ पुलिस ने घटना में प्रयुक्त उत्तरप्रदेश पासिंग आयशर ट्रक को भी बरामद किया है। इसका खुलासा कल दोपहर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव तथा अधीनस्थों ने प्रेसवार्ता में किया। 

पुलिस अधीक्षक के अनुसार महासमुंद के रास्ते भारी मात्रा में शराब की खेप रात में ओडिशा से आने की खबर मिली थी। पुलिस की टीम जिले के समस्त चेकिंग पाईंट के अलावा संभावित जगहों पर पता तलाश में जुटी। बीते 25 अदस्त को रेहटीखेल अंतरराज्यीय बेरियर पर उत्तरप्रदेश पासिंग एक आयशर ट्रक बरगढ़ ओडिशा से महासमुंद में प्रवेश करते दिखाई दी। उक्त ट्रक को रोका गया और पूछताछ शुरू हुई। 

वाहन में बैठे दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को अपना नाम अजय कुमार (25 वर्ष) मानपुर जिला कानपुर उत्तर प्रदेश तथा बादल मंडल (25 वर्ष) चासबोकारो झारखण्ड बताया। ट्रक को चेक करने पर ट्रक की ट्रॉली में सफेद रंग की बोरियों में भूसा भरा दिखा। ट्रक को बारिकी से चेक करने एवं भूसा बोरी को हटाकर देखने पर ट्रॉली में भारी में मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिली। 

वाहन में रखी पेटियों को खोलकर देखने पर 19 हजार 200 नग पौवा शराब मिला। प्रत्येक शीशी में छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग का लिखा हुआ स्टीकर चिपका था। 
उक्त शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने कुल 19200 गोवा स्पेशल व्हीस्की अंग्रेजी शराब 23 लाख 4 हजार रुपए, आयशर ट्रक कीमती 15 लाख रुपए, नगदी रकम 8100 सौ रुपए, 2 मोबाइल कुल कीमती 38 लाख, 12 हजार रुपए बरामद किया। 

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि झारखण्ड से महासमुंद होते हुए उक्त शराब को जिला बीजापुर में खपाने हेतु ले जा रहे थे। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में अपराध धारा 34-2, 59 क आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। 
 


अन्य पोस्ट