महासमुन्द

लाखागढ़ में एक परिवार की पौनी पसारी बंद
26-Aug-2023 9:08 PM
लाखागढ़ में एक परिवार की पौनी पसारी बंद

  रायपुर एसपी को आवेदन,  कार्रवाई की मांग  
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
पिथौरा, 26 अगस्त।
नगर के समीप लाखागढ़ ग्राम पंचायत में भी एक परिवार की पौनी पसारी बंद करने का मामला सामने आया है। पीडि़त परिवार ने एसपी रायपुर को आवेदन देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञात हो कि विगत पखवाड़े ही बागबाहरा विकासखण्ड के सालडबरी में भी ग्राम से बहिष्कृत एक परिवार के मुखिया के निधन पर ग्रामीणों के नहीं आने के कारण मृतक की बेटियों एवं दामाद को ही अंतिम संस्कार खुद ही कंधा देकर करना पड़ा था।

ग्राम पंचायत लाखागढ़ निवासी जितेंद कोसरिया ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत लाखागढ़ में व्याप्त भारी गड़बड़ी की जानकारी जन सूचना अधिकारी लाखागढ़ से मांगी थी। इस बात से ग्राम सरपंच ने बौखलाकर ग्राम की महिलाओं को शराबबंदी के नाम से बहका दिया और उन्हें ग्रामीणों के घरों की तलाशी के आदेश दे दिया। इस दौरान मेरे द्वारा शिकायत एवं आरटीआई  लगाने की बात पर भी महिलाओं को भडक़ा कर मेरे ऊपर हमला करवा दिया।

ग्राम के मुख्य चौक में महिलाओं ने 18 अगस्त को मेरे साथ गाली-गलौज के साथ मारपीट की। इसके बाद महिलाओं के आव्हान पर मेरे परिवार की पौनी पसारी बन्द कर मुझे ग्राम से बहिष्कृत कर दिया है।

जितेंद के अनुसार अब वह और उसका पूरा परिवार ग्राम में अकेला हो गया है। उसे गांव में कोई राशन नहीं देता और न ही कोई मेरे से बात ही कर रहा है। जिससे मैं पूरी तरह अवसाद की स्थिति में हूं। मेरा मन ऐसी स्थिति में जीने का नही है। जितेंद्र ने उक्त सम्बन्ध में एसपी रायपुर को आवेदन देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

बहिष्कार नहीं-उपसरपंच
उक्त मामले में ग्राम लाखागढ़ के उपसरपंच पंचराम मटियारा ने बताया कि ग्राम में किसी को बहिष्कृत नहीं किया गया है।


अन्य पोस्ट