महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अगस्त। वेतनमान में सुधार और पदनाम में परिवर्तन की मांग लेकर जिलेभर के लिपिकों ने जिला मुख्यालय में मंगलवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। स्थानीय लोहिया चौक में धरना के बाद 3 बजे के करीब रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचे। डिप्टी कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं लिपिकों के हड़ताल के चलते शासकीय दफ्तरों में सन्नाटा देखने को मिला।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लिपिक लोहिया चौक में एकत्रित हुए। करीब 3 बज तक उनकी सभा वहां चली। लिपिकों ने बताया कि वर्तमान में राज्य शासन द्वारा लगभग सभी वर्ग के अधिकारियों व कर्मचारियों के वेतन विसंगति का मामला निराकृत किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लिपिक संवर्गों के वेतनमान के निराकरण करने के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई। समिति द्वारा अनुशंसित अनेक संवर्गों के वेतनमानों का उन्नयन कर निराकरण किया गया। किन्तु जिस संवर्ग लिपिक के लिए समिति का गठन किया गया। समिति द्वारा अनुशंसा के पश्चात भी लिपिकों के वेतनमानों में उन्नयन नहीं किया गया।
लिपिकों ने बताया कि समिति द्वारा जिन संवर्गों के वेतनमान के उन्नयन के लिए अनुशंसा नहीं की गई थी उन संवर्गों के वेतनमानों का उन्नयन शासन द्वारा किया जा चुका है। जिसके कारण लिपिक संवर्ग में कुण्ठा एवं निराशा का वातावरण निर्मित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों एवं लिपिकों के वेतनमान का तुलनात्मक अध्ययन किया जाए तो विगत 35-36 वर्षों से लिपिकों के वेतन में विसंगति है।