महासमुन्द
श्रद्धालुओं को नवरात्र में इसकी सवारी का लाभ मिल सकेगा
श्रद्धालुओं को नवरात्र में इसकी सवारी का लाभ मिल सकेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19अगस्त। भीमखोज पहाड़ी पर विराजित खल्लारी माता के दर्शन के लिये भक्तों को इसी साल आगामी नवरात्रि तक उडऩ खटोला रोप वे की सुविधा मिल जायेगी। आधारभूत संरचना तैयार होने के बाद अब इसका ट्रायल भी शुरू हो गया है। खल्लारी मंदिर के सेवादार ओमप्रकाश साहू, सुलभ दीप जायसवाल, सोनू चंद्राकर तथा अध्यक्ष विनोद त्रिवेदी के मुताबिक खल्लारी माता के दर्शन के लिए रोप वे कानिर्माण अंतिम चरण में है। इसके शुरू होने से खल्लारी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को इसी नवरात्र में ही रोप वे की सवारी का लाभ मिल सकेगा। इनका कहना है कि रोप वे निर्माण होने के बाद यहां टूरिस्टों की संख्या में भी काफी इजाफा होगा। वहीं लोगों को पहाडिय़ों का मनोरम दृश्य देखने का अवसर प्राप्त होगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। मालूम हो कि खल्लारी माता के दर्शन के लिए राज्य के कोने-कोने से लाखों भक्त नवरात्र में आते हैं। बीते 9 मार्च 2023 को यहां रोप वे निर्माण की शुरुआत के लिए आधारशिला रखी गई थी। जिले का पहला और प्रदेश का दूसरा रोप वे होगा। खल्लारी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इसके निर्माण विकास में कोलकाता की कंपनी गृह, लोक रोप वे एवं रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड लगे हुए हैं।
नवरात्र में खल्लारी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। दूर-दूर से लोग दर्शन के लिए आते हैं। इसके अलावा यहां भीम डोंगा, भीम का पांव,भीम चूल्हा, भैरव गुफ ा, दक्षिण हनुमान के दर्शन होते हंै। पहाड़ी पर सुंदर उद्यान है। यहां पर पहाड़ों के चारों तरफ का सौदर्य निराला है। पर्व व मेला में दिन-रात दर्शन के लिए पहाड़ी पर श्रद्धालुओं की कतार होती है। नवरात्र में नौ दिनों तक अनवरत भंडारा चलता है।
कहा जा रहा है कि पखवाड़े भर के ट्रायल के बाद इसमें झूला लगाया जायेगा। छत्तीसगढ़ राज्य में सिर्फ डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों को यह सुविधा मिल रही है। खल्लारी का रोप वे राज्य का दूसरा रोप वे होगा। इस रोप वे के लिए विधायक द्वारिकाधीश यादव विधायक बनने के बाद से ही प्रयासरत थे। उन्होंने इसे अपनी प्राथमिकता में लेते हुए ट्रायल तक पहुंचाया है। 15 दिन के ट्रायल के बाद इसमें झूला लगाया जाएगा तथा नवरात्र में भक्तों के लिए इसका श्रीगणेश कर दिया जाएगा।
इस रोप वे के मेंटेनेंस का खर्च भी मंदिर ट्रस्ट व कंपनी वहन करेगी। जानकारी के मुताबिक एक राउंड यानी डेढ़ से 2 मिनट में 16 लोग इसमें सवार होकर आना-जाना कर सकेंगे। लगभग 8 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। बनने वाले 300 मीटर लंबे रोप.वे में कुल चार ट्रॉली होगी। हर ट्रॉली में चार लोग बैठ सकेंगे। कंपनी ने दो माह पूर्व ही सर्वे कर लिया है। रोप वे गांव ढेकानाल तालाब से भंडारा स्थल तक बनेगा। पहाड़ी की ऊंचाई 130 मीटर है। रोप वे का पहला छोर गांव के तालाब के पास होगा। अभी 981 सीढ़ी चढक़र भक्त मंदिर तक पहुंचते हैं। रोप-वे से एक घंटे में लगभग 300 लोग माता का दर्शन कर सकेंगे।