महासमुन्द
साढ़े छह लाख से मात्र दो टंकी बनाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 18 अगस्त। विकासखण्ड की ग्राम पंचायत लाखागढ़ में नरवा गरवा घुरवा बारी योजना की धज्जियां उड़ती दिखाई दे रही है। ग्राम में गौठान हेतु शासन से प्राप्त करीब साढ़े छह लाख रुपये आहरण तो हुए परन्तु इतने रुपयों से मात्र 2 टंकी का ही निर्माण हो पाया है।
ग्राम लाखागढ़ निवासी उमर हसन, तारेश कोसरिया, कोमल कोसरिया, अरविंद कोसरिया , एवम निमिष कोसरिया के संयुक्त हस्ताक्षर से मुख्यमंत्री को की गई एक शिकायत में कहा है कि उनके नरवा गरवा घुरवा बारी योजना को लाखागढ़ सरपंच सचिव द्वारा पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कोई 6-47 लाख लागत से बनाये जाने वाले गौठान में भारी गड़बड़ी की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सरपंच सचिव द्वारा बनाये गए गौठान में मात्र 2 टँकीया बना कर कार्य समाप्त कर दिया गया है।गौठान की जगह जंगल के बीच है। जहां पहुच मार्ग ही नही है। गौठान में पशुओं हेतु शेड का निर्माण नही करवाया गया, 2 टंकियों का निर्माण कर उसे गौठान का नाम दिया गया है। इस स्थान पर घेरा तक नही करवाया गया है।कम्पोस्ट खाद बनाने की कोई व्यवस्था नही की गई है, इसके अलावा गोधन न्याय योजना के तहत बने गौठान में एक भी मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं होने से चार वर्ष पूर्व प्रारम्भ की गई यह योजना लाखागढ़ में पूरी तरह फ्लॉप हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर लाखागढ़ सरपंच द्वारा अपने भाई के नाम से ग्राम की प्राथमिक शाला भवन में आठ दुकानों का निर्माण स्वयम के खर्च से कर लिया गया है। निर्माण के अंतिम चरण में दुकानों को बेचने हेतु ग्राहकों की तलाश किये जाने की जानकारी भी शिकायत कर्ताओं ने दी है।
दूसरी ओर ग्राम सचिव रामअवतार ध्रुव को इस संबंध में चर्चा के लिए मोबाइल लगाया गया परंतु वे बार-बार मोबाइल काट रहे हैं। वहीं जनपद अधिकारी एस एस पोयाम ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि वे यहां नए आये हैं, इसलिए जानकारी नहीं है। जल्द ही मामला देख कर जानकारी दी जाएगी।