महासमुन्द

आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महा. में विद्यार्थियों की रुचि कम
18-Aug-2023 2:27 PM
आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महा.  में विद्यार्थियों की रुचि कम

270 सीटों में केवल 136 ने ही लिया प्रवेश

रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कोई गाइडलाइन अभी जारी नहीं की गई है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18 अगस्त। जिले में स्वामी आत्मानंद स्कूलों की तर्ज पर खोले गए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय में विद्यार्थियों की रुचि कम है। यहां सभी संकायों को मिलाकर सीटों की संख्या 270 है। लेकिन यहां महज 136 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया है। 134 सीटें अभी भी रिक्त हैं। रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कोई गाइडलाइन अभी जारी नहीं की गई है।

मालूम हो कि पं. रविशंकर शुक्ल विवि द्वारा 12 अगस्त को ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित थी। अंतिम तिथि तक बीए की 60 सीट में 13, बीएससी गणित की 60 में 11, बीएससी कम्प्यूटर साइंस की 60 में 25 और बीकॉम कम्प्यूटर एप्लीकेशन की 90 में 87 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। यहां बीकॉम में 30 सीटों की वृद्धि की गई।                                 जानकारी अनुसार बीकाम में पहले निर्धारित 60 सीटें फुल हो गई थी। बाद विद्यार्थियों की मांग पर सीटें बढ़ाकर 90 हो गई हैं। वहीं कॉलेज में पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है। शासकीय वल्लभाचार्य कॉलेज में भी पीजी की कई सीटें भी खाली हैं। वहीं यूजी में लगभग सभी सीटें भर गई है। कुछ ही सीटें रिक्त हैं। शासकीय वल्लभाचार्य कॉलेज की प्राचार्य अनुसुइया अग्रवाल ने बताया कि रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कोई गाइडलाइन अभी तक विश्वविद्यालय से नहीं आई है।

                शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बरोंडाबाजार में प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। कॉलेज में चार ब्रांच मेकैनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल और कम्प्यूटर साइंस उपलब्ध है। प्रत्येक ब्रांच में 30-30 सीटें उपलब्ध हैं। प्रवेश के लिए योग्यता प्रथम वर्ष के लिए 10वीं उत्तीर्ण और पीपीटी परीक्षा के अंक के आधार पर है। वहीं द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए 12वीं गणित या दो वर्षीय आईटीआई प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थी योग्य होंगे।       दूसरे चरण की प्रक्रिया 22 से 26 अगस्त तक चलेगी। प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की प्रक्रिया 11 से शुरू होकर 15 अगस्त तक चली। दूसरे चरण की प्रक्रिया 22 से 26 अगस्त तक चलेगी और संस्था स्तर पर 9 सितंबर से 11 सितंबर तक प्रवेश की प्रक्रिया चलेगी।

इसी प्रकार द्वितीय वर्ष में लेटरल एंट्री के लिए प्रथम चरण की प्रक्रिया 17 से 21 अगस्त तक, द्वितीय चरण की प्रक्रिया 28 से 31 अगस्त तक और संस्था स्तर पर 9 से 11 सितंबर तक प्रवेश मिलेगा। प्रवेश प्रभारी डा.लक्ष्मीकांत कराल ने बताया कि तिथियों के अनुसार इच्छुक विद्यार्थी कॉलेज पहुंचकर प्रवेश ले सकते हैं।


अन्य पोस्ट