महासमुन्द
जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी में व्यवस्था प्रभावित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 अगस्त। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य फेडरेशन के आह्वान पर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कल शुक्रवार को जिले के डॉक्टर, नर्सिंग संवर्ग, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक सहित 12 संगठन एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। राजधानी रायपुर में प्रांतव्यापी एक दिवसीय प्रदर्शन कर नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों की वेतन विसंगति, चिकित्सकों के वेतनमान, स्टाफ फंड, भत्ते और मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत कोरोनाकाल में सेवा देने वाले चिकित्सकीय अमले को विशेष कोरोना भत्ता की मांग की गई।
ज्ञात हो कि मांगों की उपेक्षा व अनुपूरक बजट में अनदेखी से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों-अधिकारियों में आक्रोश है। लिहाजा नर्संग स्टॉफ सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संगठनों के हड़ताल पर रहने से शुक्रवार को जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी में व्यवस्था प्रभावित रही।
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिला अस्पताल में बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षुओं को रखा गया। बावजूद फार्मासिस्ट स्टॉफ के न होने से से दवाई लेने वालों की लंबी कतार लगी रही। जिले के अन्य अस्पतालों में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। संगठन का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर 21 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जाएगा।