महासमुन्द
सवा हजार प्राथमिक स्कूलों में पढ़ाई बेपटरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले जिले के 25 सौ शिक्षकों ने कल गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इसकी वजह से जिले के 1278 प्राथमिक स्कूलों में पढ़ाई लिखाई फिर से बेपटरी हो गई है। हालांकि विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था का प्रयास कल किया था जो नाकाफ ी रहा। गुरुवार का दिन जिले के प्राथमिक शालाओं में बच्चों ने खेलकूद में व्यतीत किया। यह सिलसिला कब तक चलेगा, इसका जवाब विभाग के पास नहीं है।
इस बार शिक्षकों ने दो टूक कहा है कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक वे नहीं लौटेंगे। इस संबंध में महासमुंद छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष दिनेश नायक ने कहा कि फेडरेशन के सभी सदस्यों में सरकार के प्रति आक्रोश है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। सरकार ने सबकी मांगें सुनी और उसका समाधान भी निकाला है पर उनके मामले में सरकार की नीतियां सही नहीं हैं। उन्हें हर बार छला जा रहा है।
जिला मुख्यालय के प्राथमिक शाला गंजपारा में कल प्रधान पाठक के भरोसे स्कूल का संचालन हुआ आज भी यही हाल है। यहां से तीन सहायक शिक्षक हड़ताल पर चले गए हैं। बच्चों की पढ़ाई लिखाई ठप्प है। कला बाई शासकीय प्राथमिक शाला रावण भांठा मेें पदस्थ सभी शिक्षक नदारद हैं। यहां 113 बच्चों की दर्ज संख्या है। यहां 4 शिक्षक हैं। जिनमें एक प्रधान पाठक व 3 सहायक शिक्षक शामिल हैं। कल प्रधान पाठक अवकाश पर थे और बाकी के 3 सहायक शिक्षक हड़ताल पर चले गए थे।
प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से कहा गया है कि इस बार सरकार को हमारी मांगों पर निर्णय लेना ही होगा। उनका कहना है कि यह आंदोलन बहुत आवश्यक है। पूरे 5 साल का समय निकल चुका है। मात्र 2 महीने बाकी हैं। यह आंदोलन स्वाभिमान की लड़ाई है। फेडरेशन की एक सूत्रीय मांग है कि पूर्व सेवा की गणना कर प्रथम नियुक्ति तिथि से वेतन का निर्धारण कर सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नत वेतनमान का निर्धारण करते हुए कुल 20 साल की पूर्ण सेवा करने वालों को में पुरानी पेंशन प्रदान करें।