महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अगस्त। वन परिक्षेत्र के बिलाईगढ़ सीमावर्ती क्षेत्र ग्राम दलदली, चनाट और रंगमटिया के जंगलों में 23 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला पहुंचकर पूरी स्थिति पर नजर बनायी हुई है।
बसना वन परिक्षेत्र अधिकारी सुखराम निराला ने बताया कि बसना वन परिक्षेत्र के ग्राम दलदली, चनाट और 315 में ग्रामीणों द्वारा 7 अगस्त को हाथियों के दल को देखे जाने की सूचना पर तत्काल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाथियों के दल को विचरण करते और रंगमटिया के जंगल कक्ष क्रमांक 314 देखा गया। जिसे देर रात वन विभाग की टीम बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र के जंगल में खदेड़ दिया गया है, लेकिन 8 अगस्त की सुबह 23 हाथियों का दल दलदली, चनाट और रंगमटिया के जंगल कक्ष क्रमांक 314 और 315 में पुन: आ धमका है। वर्तमान में वन परिक्षेत्र बसना और बिलाईगढ़ के मध्य जंगल में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। विभाग की टीम हाथी की हर एक मूवमेंट पर नजर बनाए रखी हुई है और ग्रामीणों को सावधान करते हुए जंगल के आसपास के खेतों में न जाने की मुनादी आसपास के गांवों में की गयी है।
ग्रामीण जितेन्द्र पटेल, जयनंद बरिहा, सेतकुमार पटेल सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि हाथियों से अभी तक जान, माल को किसी तरह कोई नुकसान नहीं हुआ है। बहरहाल हाथियों के डर से ग्रामीणों की रात की नींद उड़ी हुई है। जहां हाथियों को गांव तरफ घुसने से रोकने के लिए ग्रामीणों को रात भर पहरेदारी करनी पड़ रही है।