महासमुन्द

महासमुंद जिला अस्पताल, वृद्धाश्रम, बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे मानव अधिकार आयोग क े स्पेशल मॉनिटर, मिली खामियां
01-Aug-2023 3:14 PM
महासमुंद जिला अस्पताल, वृद्धाश्रम, बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे  मानव अधिकार आयोग क े स्पेशल मॉनिटर, मिली खामियां

बाल संप्रेक्षण गृह से भागे 4 बच्चों की सुध नहीं लेने पर नाराजगी जताई, 6 बच्चे शिक्षा से नहीं जुड़े मिले

वृद्धाश्रम में कालातीत दवाइयां मिली, चिकित्सा सुविधा के इंतजाम नहीं मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 अगस्त।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग भारत शासन के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण गोयल कल महासमुंद दौरे पर थे। इस दौरान वे जिला अस्पताल, बाल संप्रेक्षण गृह और वृद्धाश्रम का आकस्मिक निरीक्षण के लिए पहुंचे। वहां मिली कमियों के लिये स्टाफ  को फटकार लगाई। उन्हें जिला अस्पताल में सीनियर सिटीजन्स वार्ड, बच्चों के लिये पीआईसी यूनिट नहीं मिली, साफ. सफाई की कमी मिली। अस्पताल के किचन में सफाई का अभाव मिला। भोजन वितरण करने वालों का व्यवहार बुरा पाया। उन्हें पता चला कि अस्पताल का सजेशन बॉक्स तो सालों से नहीं खुले हैं। उन्होंने सजेशन बाक्स (शिकायत पेटी) का ताला तुड़वाकर शिकायतें निकाली गई। जिला अस्पताल में स्तनपान के लिये अलग से व्यवस्था नहीं थी।

श्री गोयल कल पूर्वान्ह सीधे जिला अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्हें अस्पताल में वृद्धजनों के लिये बेड का एक अलग से सुरिक्षत वार्ड नहीं मिला। उन्होंने इसे जल्द से जल्द बनवाने के लिये कहा। अस्पताल प्रबंधन ने श्री गोयल को बताया कि बीमार सीनियर सिटीजन्स को अन्य मेल वार्ड में ही भर्ती किया जाता है। रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से मरीजों की वेटिंग लंबी होती जा रही है। 

इसी तरह बच्चों के लिये 5 बेड का पीआईसी (पीडियाट्रिक इंटेनसिव केयर) यूनिट भी तैयार नहीं है। जबकि उसके लिये जगह है। गर्भवती महिलाओं के लिये बैठने की माकूल व्यवस्था भी नहीं है। अस्पताल की रसोई में दीवारों और छत के बीच खुला हिस्सा देखकर श्री गोयल नाराज हुए। उन्होंने उसे बंद करने कहा। साथ ही भोजन की गुणवत्ता में सफाई की कमी तथा मरीजों को भोजन वितरण करने वालों का खराब व्यवहार देखकर उन्होंने समझाइश दी। इस दौरान अनेक स्थानों पर लगे सजेशन बाक्स के बंद होने पर वे दुखी हुए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों से वितरण पूर्व भोजन चखने के बाद वितरण करने कहा। भोजन स्टाफ  के गले में आई कार्ड लगाने कहा।

इसके बाद श्री गोयल ने अस्पताल के 3 शिकायत पेटियों का ताला तुड़वाया। इसमें 6 शिकायती पत्र मिले। एक पत्र सितम्बर 2022 का था। श्री गोयल ने पूछा कि इन शिकायत पत्रों का रजिस्टर मेन्टेन करते हैं क्या? इस पर कोई जवाब नहीं आया। तब श्री गोयल ने इन पेटियों को नियमित खोलने और शिकायत पत्रों का रजिस्टर संधारण करने कहा। अस्पताल में स्तनपान के लिये सम्मान जनक एरिया नहीं होने पर वे नाराज हुए और पर्दे लगाकर व्यवस्था करने के निदेश दिये।

श्री गोयल बाल संप्रेक्षण गृह भी गये। वहां इस वक्त 6 बच्चे हंै। इनके साथ रह रहे 4 बच्चे जनवरी महीने से भागे हैं लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। यहां उन्होंने स्टाफ  की कमी पाया और इसकी व्यवस्था करने कहा। जनवरी 2023 में यहां से भागे 4 बच्चों की सुध नहीं लेने पर उन्होंने नाराजगी जताई। बच्चे मिले या नहीं, यह वहां के स्टाफ  को पता नहीं है। वर्तमान में भर्ती 6 बच्चे शिक्षा से नहीं जुड़े हैं। इस पर श्री गोयल ने कहा कि यह आरटीआई का उल्लंघन है। एक बच्चे को विधिक सेवा की जरूरत है। लेकिन उसे यह उपलब्ध नहीं कराई गई है।

श्री गोयल ने इसका कारण पूछा तथा वकील दिलाने के लिये कहा। यहां से बच्चों के भागने की अनेक घटनाएं हो चुकी हैं जानकर उन्होंने भवन का ब्लेक स्पॉट बंद कराने कलेक्टर से बात करने कहा। कहा कि यदि यह ब्लैक स्पाट बंद नहीं होती है तो भवन खाली कर बच्चों को रायपुर शिफ्ट करने कहा।

श्री गोयल की टीम इसके बाद महासमुंद स्थित वृद्धाश्रम पहुंची। वहां एक्सपायर (कालातीत) लोकल एनेस्थीसिया का वॉयल और सीरिंज का पैकेट मिला। इसे देखकर आयोग के मॉनिटर व साथ रहे अधिकारी हतप्रभ रह गये। वृद्धाश्रम में मिली बेहोशी की कालातीत दवा पर नाराजगी जताई। इस बाबत पूछने पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारी तथा नर्स जवाब नहीं दे पाये। हालांकि इसका इस्तेमाल नहीं किया गया था। अत: इसे जब्त किया गया। वृध्दाश्रम में चिकित्सा सुविधा के माकूल इंतजाम नहीं थे। उन्हें बताया गया कि कभी एलोपैथी तो कभी आयुर्वेदिक चिकित्सक को वहां बुलाया जाता है। 

वृद्धजनों से श्री गोयल ने बात की। वृद्धजनों ने उन्हें बताया कि शहर आने-जाने में परेशानी होती है। श्री गोयल ने इन असुविधाओं को दूर करने कहा। साथ ही यह भी कहा कि 15-15 दिन में अधिकारी वृद्धाश्रम जाकर व्यवस्थाओं को देखें।

वृद्धजनों की आंखें और डेन्टल चेकअप कराने अधिकारी से कहा गया। श्री गोयल महिला थाना का भी निरीक्षण करना चाहते थे। उन्हें बताया गया कि यहां महिला थाना ही नहीं है।

 


अन्य पोस्ट