महासमुन्द

चिरायु योजना में अलीना की थकान भरी जिंदगी बनी खुशहाल
30-Jul-2023 3:59 PM
चिरायु योजना में अलीना की थकान भरी जिंदगी बनी खुशहाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई।
पिछले साल की बात है। अलीना नाम की एक छोटी बच्ची अपने जीवन में कई समस्याओं का सामना कर रही थी। महासमुंद के ग्राम तेन्दुवाही के आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों में वह सबसे कमजोर थी। उसकी सेहत खराब थी और परिवार में भी तनाव बढ़ रहा था। अभिभावकों ने इस समस्याओं से निपटने के लिए कई इलाज किए, लेकिन वे सभी असफल रहे। तभी एक रोज चिरायु टीम ने ग्राम तेन्दुवाही के आंगनबाड़ी केन्द्र में दस्तक दी। वहां बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करने पर टीम ने पाया कि बच्ची अलीना पटेल संभावित हृदय रोग से ग्रसित है। बालिका अलीना के माता.पिता से बच्ची के बारे में स्वास्थ्यगत कारणों की चर्चा कर पता चला कि बच्ची जन्म से ही अत्यंत दुर्बल, खेलने,चलने में असहज थी। जल्दी थक जाती थी। खान.पान में सदैव अरूचि दिखाती थी। अलीना का शारीरिक विकास अन्य बच्चों से बहुत ही कम पाया गया। 

चिरायु टीम ने अलीना को पिछले साल गांव से जिला अस्पताल महासमुंद लाकर नये सिरे से गहन स्वास्थ्य की जांच की। जिसमें  वह हृदय रोग से पीडि़त मिली। उसे तुरंत सर्जरी की आवश्यकता थी। बच्ची के माता.पिता को पता चलने पर वो घबरा गए लेकिन चिरायु टीम ने बच्ची के माता.पिता को चिरायु योजना एवं नि:शुल्क सर्जरी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

जांच के दौरान बच्ची के ऑपरेशन हेतु सत्य साईं हॉस्पिटल रायपुर मे भर्ती कराया गया। जिसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अलीना की सफल सर्जरी की गई। उसकी सेहत बहुत सुधर गई और अब वह बच्चों के साथ खेल भी सकती है। उसके परिवार में खुशियां वापस आ गई और उसके चेहरे पर मुस्कान फिर से लौट आई। इस तरह चिरायु योजना ने अलीना की जिंदगी को पूरी तरह से बदल दिया। उसकी यह कहानी दूसरों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनी। अलीना के माता पिता ने इस सहयोग और बेहतर इलाज के लिए शासन और स्वास्थ विभाग को धन्यवाद दिया और कहा कि चिरायु योजना से मेरी बेटी को नई जिंदगी मिली है।

 


अन्य पोस्ट