महासमुन्द

बार अभ्यारण्य के रामपुर में एक और काले हिरण की मौत
30-Jul-2023 3:12 PM
बार अभ्यारण्य के रामपुर में एक  और काले हिरण की मौत

15 दिन पहले लगी थी चोट, उपचार से बचाया जा सकता था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 30  जुलाई।
नगर के समीप बारनवापारा अभ्यारण्य के अंतर्गत रामपुर चारागाह कक्ष क्रमांक 127 में कल एक और नर काले हिरण का मौत हो गई।
ज्ञात हो कि बार नवापारा अभ्यारण्य में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अन्य प्रांतों से करीब सैकड़ा भर काले हिरण लाये गए थे।

कल रात बार अभ्यारण्य में एक और काला हिरन की मौत का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट  के अनुसार काले हिरण की मौत दो दिन पूर्व हुई और इसके शरीर में लगी चोट 15 से 20 दिन पुरानी प्रतीत होती है।

घटना की जानकारी स्थानीय निवासियों से मिलने के बाद घटना की पूरी जानकारी के लिए अभ्यारण्य अधिकारियों से ‘छत्तीसगढ़’ ने सम्पर्क का प्रयास किया गया, परन्तु इस संबंध में बार रेंज के प्रभारी रेंजर जीवन लाल साहू का मोबाइल बजता रहा, परन्तु उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

अभ्यारण्य अधीक्षक आनन्द कुदरिया भी कवरेज के बाहर थे, लिहाजा उनसे भी चर्चा नही हो पाई। वहीं संबंधित डॉक्टर वर्मा को भी मोबाइल से सम्पर्क का प्रयास किया, परन्तु सम्पर्क नहीं हो पाया। वहीं संबंधित बीटगार्ड नरेन्द्र ठाकुर ने भी मोबाइल रिसीव नहीं किया।

बार अभ्यारण्य प्रदेश का महत्वपूर्ण अभ्यारण्य माना जाता है, परन्तु यहां पदस्थ अफसर अक्सर मुख्यालय से बाहर रहते हैं, जिससे क्षेत्र में शिकारी भी बेख़ौफ़ शिकार को अंजाम दे रहे हैं। यहां आम लोगों को उसी शिकार की जानकारी मिल पाती है जो ग्राम के आसपास वन्य प्राणी मृत अवस्था में मिलते है। जंगल के अंदर हो रहे शिकार की जानकारी बाहर आ ही नहीं पाती।

कल भी एक काला हिरन के मृत पड़े होने की जानकारी ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को दी गई थी। इसके बाद ही वन अफसर घटना स्थल पहुंचे।

चोट से मृत हिरन के घाव पर कीड़े

काला हिरण का पोस्टमोर्टम करने वाले कसडोल के पशु चिकित्सक ने पोस्टमोर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे किए है। पोस्टमोर्टम के बाद मिली जानकारी के अनुसार मृत हिरण के कूल्हे एवं बाएं जांघ में चोट के निशान दिखाई दिए, जिसमें कीड़े पड़ गए थे। सम्भवत: उक्त चोट के इन्फेक्शन से ही हिरन की मौत हुई है। चोट के बाद यदि उपचार कराया जाता तो हिरण की मौत नहीं होती। कुछ ग्रामीण बताते हंै कि वर्तमान में वन विभाग की गश्त पूरी तरह बंद है। वन विभाग के कोई भी कर्मी जंगल आते-जाते नजर नहीं आते।


अन्य पोस्ट