महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जुलाई। रुपए की लेनदेन को लेकर ग्राम बेलसोंडा में हत्या के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर फ ास्ट ट्रैक कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने आरोपी को भादंस की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा व 1 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर उसे 6 माह का सश्रम कारावास अतिरिक्त भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार 24 फरवरी 2022 को महासमुंद थाना में सूचना मिली कि अखरापारा बेलसोंडा में हत्या हो गई है। इस पर पुलिस वहां पहुंची तो प्रार्थी समारू ने सूचना दर्ज कराया कि उसका बड़ा भाई अंबो धीवर ट्रकों में पत्थर लोड कराने का ठेका लेता है। अंबो धीवर के साथ सुरेंद्र धीवर (31)बेलसोंडा काम करता है जो दो-तीन माह पूर्व उसके बड़े भाई अंबो से गिरवी में रखे मोटरसाइकिल छुड़ाने के लिए 32 हजार रुपए उधार लिया था।
अंबो धीवर अपने उधारी की रकम सुरेंद्र धीवर से मांगा करता था। लेकिन सुरेंद्र धीवर रुपए देने से मना कर देता था। घटना दिवस के एक सप्ताह पहले सुरेंद्र धीवर ने अंबो के साथ काम करना छोड़ दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना दिवस 20 फरवरी 2022 की शाम साढ़े 5 बजे अंबो को अपनी मोटर साइकिल से घर की ओर से आते देखा गया। गांव की गली अखरापारा में पहले से सुरेंद्र धीवर खड़ा था।
जैसे ही अंबो वहां पहुंचा, आज इसे खत्म कर दूंगा कहकर अपने पास रखे बांस के डंडे से सुरेंद्र ने अंबों के सिर पर प्रहार कर दिया। प्रहार से अंबो मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया। गिरे हुए हालत में सुरेंद्र धीवर ने लगातार उस पर डंडे से वार करता रहा। जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना उपरांत कोर्ट को सौंपा था। अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सलीम कुरैशी ने पैरवी की।