महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 15 जुलाई। खगोल विज्ञान, विज्ञान व प्रौद्योगिकी क्षेत्र को रुचिकर बनाने विज्ञान शिक्षक प्रेमचंद साव के नेतृत्व में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल के बच्चों को इसरो के महत्वपूर्ण मिशन चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग का सीधा प्रसारण टेलीविजन पर दिखाया गया।
शिक्षक प्रेमचंद साव ने बताया कि चंद्रयान-3 मिशन के जरिए हम चांद की सतह के बारे में जानकारी जुटा सकते हैं। इसरो का यह मिशन सफल होते ही भारत एलीट देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा। इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन के लिए तीन मुख्य उद्देश्य लैंडर की चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित व सॉफ्ट लैंडिंग कराना, चंद्रमा पर रोवर की विचरण क्षमताओं का अवलोकन व प्रदर्शन और चंद्रमा की संरचना को बेहतर ढंग से समझने व उसके विज्ञान को समझने के लिए चंद्रमा की सतह पर उपलब्ध रासायनिक और प्राकृतिक तत्वों, मिट्टी, पानी आदि पर वैज्ञानिक प्रयोग करना आदि शामिल है। छात्र-छात्राओं ने चंद्रयान से संबंधित विभिन्न प्रश्न शिक्षकों से पूछे।
इस अवसर पर प्रधानपाठक प्रेमलाल कैवर्त, शिक्षक हीराधर साव, राजकुमार निषाद व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।