महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 12 जुलाई। वर्तमान में खरीफ फसल बुवाई का समय है और जिसके चलते किसान अपने कृषि कार्य में अत्यंत व्यस्त रहते हैं और राजस्व विभाग संबंधित उनकी विभिन्न समस्याएं सामने रहती है जिसके निराकरण के लिए सभी पटवारी पंचायत मुख्यालय में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उक्त आशय को लेकर संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने महासमुंद कलेक्टर को पत्र लिखा है।
कलेक्टर को भेजे गए पत्र में संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्रामीणों एवं किसानों के द्वारा मुझे अवगत कराया गया कि वर्तमान में फसल बुवाई का समय है, जिसमें सभी किसान लगे हुए है, वहीं पटवारी अपने पटवारी हल्का में निर्धारित समय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं जिसके चलते राजस्व संबंधी कार्यों में हम किसानों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है एवं हमारा कार्य निर्धारित समय अवधि में भी पूर्ण नहीं हो रहा है, जो कि अन्नदाता के लिए व्यस्तता का समय है।
अत: किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए पटवारियों को प्रति सप्ताह निश्चित दिन पर संबंधित पंचायत मुख्यालय में उपस्थित होकर ग्रामीणों व किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए संसदीय सचिव के द्वारा कलेक्टर को पत्र लिखे जाने पर क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों ने विधायक व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।