महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 24 जून। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम फरोदा में कल संसदीय सचिव व खलारी विधायक द्वारिकाधीश यादव का भेंट मुलाकात कार्यक्रम संपन्न हुआ।
भेंट मुलाकात कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए जैसे ही संसदीय सचिव श्री यादव का काफिला ग्राम की सीमा पर पहुंचा ग्राम वासियों ने संसदीय सचिव श्री यादव का भव्य स्वागत किया और गाजे-बाजे के साथ अगवानी करते हुए उन्हें कार्यक्रम स्थल पर लाया गया जहां ग्राम देवी देवताओं की पूजा अर्चना के साथ इस कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जहां एक और ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संसदीय सचिव के समक्ष रखी तो वहीं संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने ग्रामीणों की उक्त समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया।
इस दौरान संसदीय सचिव श्री यादव ने राज्य सरकार के द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की सारगर्भित जानकारी दी । साथ ही साथ आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का हाथ मजबूत करने के लिए जनता जनार्दन का आह्वान करते हुए कहा कि जिस प्रकार आप लोगों ने 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का हाथ मजबूत किया था, उसी प्रकार आने वाले विधानसभा चुनाव में आप लोगों को हमारी पार्टी का हाथ मजबूत करना है और पुन: छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढिय़ा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार बनानी है ताकि पूर्व की भांति ही हम आप सब की सेवा कर सके।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से करण सिंह दीवान अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस पिथौरा, बालेश साहू तेंदुकाना सोसाइटी अध्यक्ष, उत्तरा दिलीप ठाकुर सरपंच परसदा, अम्बिका खोमन साहू जनपद सदस्य पिथौरा, लेखराम दीवान जनपद सभापति पिथौरा, हेमसिंग नायक जनपद सदस्य बागबाहरा, यशवंत यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गण, कांग्रेस के विभिन्न ने प्रकोष्ठ के पदाधिकारीगण तथा ग्रामीण जन व माताएं बहने उपस्थित रहे।