महासमुन्द
बच्चों को अन्य निजी स्कूल में आरटीई के तहत प्रवेश दिलाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जून। एक बार फिर निजी स्कूल में पढऩे वाले सामान्य विद्यार्थी तथा आरटीई के तहत पढऩे वाले छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। बरोंडा चौक में संचालित ड्रीम इंडिया स्कूल की जगह अन्य स्कूल खोले जाने की सूचना लगातार मिल रही है। साथ ही ड्रीम इंडिया के बंद होने की सूचना पर कल पालकों ने डीईओ का घेराव कर दिया तथा बच्चों को अन्य निजी स्कूल में आरटीई के तहत प्रवेश दिलाने की मांग की।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर कुछ साल पूर्व डॉल्फिन नामक एक स्कूल ने लोक लुभावन सपने दिखाकर पालकों को चूना लगाया था। अब ड्रीम इंडिया में अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य का सपना देख रहे पालकों के साथ फिर एक बार भद्दा मजाक हो गया।
मालूम हो कि कुछ दिन पूर्व ही जिले के एक अन्य स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के समक्ष भी स्कूल बंद होने के बाद ऐसी ही स्थिति निर्मित हुई थी। अब ड्रीम इंडिया स्कूल में आरटीई के तहत पढऩे वाले बच्चों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
स्कूल प्रबंधन ने आरटीई के तहत पढ़ाई करने वाले बच्चों के पालकों को स्कूल बंद होने व नए नाम से स्कूल खोलने की सूचना के संबंध में मैसेज भेजा है। मैसेज देखकर पालकों के होश उड़ गए हैं। वे अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। इसके चलते गुस्साए पालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीईओ का घेराव कर दिया।
पालक अनुसुईया, लखेश्वर तारक, कुशल, बजरंग मिश्रा, नितेश सेन, संजय प्रजापति सहित अन्य पालकों ने डीईओ का घेराव किया और अपनी समस्या बताई। ड्रीम इंडिया स्कूल में पढ़ाई करते आ रहे हैं। इस साल प्रबंधन द्वारा स्कूल बंद कर अन्य नाम से स्कूल संचालित किया जा रहा है और आरटीई के तहत पढऩे र वाले बच्चों को स्कूल आने से मना किया जा रहा है। पालकों ने बच्चों को प्रवेश दिलाने की मांग की है।
पालकों ने कहा कि स्कूल प्रबंधन बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। वहीं शासन से आरटीई के तहत मिलने वाले रुपए को डकारने का प्लान बना रहा है। क्योंकि स्कूल प्रबंधन ने स्कूल बंद करने का आवेदन अभी तक डीईओ को नहीं दिया है। वहीं इस साल भी आरटीई के तहत बच्चों को स्कूल आवंटन हुआ है।
जानकारी मिली है कि स्कूल प्रबंधन ने इस साल भी अपनी सीट की संख्या राज्य शासन को भेजी है। लिहाजा पालकों का कहना है प्रबंधन कागज में स्कूल बंद करने के बजाए मौखिक रूप से बंद कर शासन से रुपए लेना चाह रही है।
मालूम हो कि महासमुंद शहर में अनेक ऐसे स्कूल संचालित हैं, जो अनेक बिंदुओं पर खरा नहीं उतर पा रही है। इसके बावजूद वर्षों से इसकी मान्यता रद्द नहीं की जा रही है। जब ऐसी स्थिति निर्मित होती है तो केवल और केवल बच्चों के भविष्य व पालकों की गाढ़ी कमाई का ही नुकसान होता है। शिक्षा विभाग के आला अफसर निजी स्कूलों में पहुंचकर वहां की स्थिति जानने का प्रयास भी नहीं करते।
नए स्कूल की अनुमति नहीं दी जाएगी-डीईओ
इस मामले में डीईओ मीता मुखर्जी ने बताया कि स्कूल बंद करने की अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। नए नाम से स्कूल खोलने का एक आवेदन प्राप्त हुआ है। स्कूल बंद होने की सूचना व स्कूल प्रबंधन ने पुराना बोर्ड हटाकर नया बोर्ड लगा दिया है जैसे सवालों पर उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी और उनके द्वारा दिए गए स्कूल संचालन के आवेदन को रद्द कर अनुमति नहीं दी जाएगी।
कहा कि यदि स्कूल बंद होता है तो सभी बच्चों को पास के सरकारी स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई व अन्य निजी स्कूल में प्रवेश दिलाने की मांग के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी मुखर्जी ने कहा कि बच्चों के आगे की पढ़ाई नहीं रुकेगी।