महासमुन्द
समाज के किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं किया-राशि
महासमुंद, 23 मई। नगरपालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पिटियाझर वार्ड नंबर 12 के बजरंग चौक में सालों पहले बनाया गया गौरी गौरा चबूतरा पूरी तरह जर्जर हो जाने के कारण समाज द्वारा सर्व सम्मति से उसे नियमानुसार बगैर खंडित किए अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। इस बारे में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा का आरोप गलत है।
राशि महिलांग ने कहा है कि इस काम में समाज के किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं किया गया है। इसमें सभी मोहल्ले वासियों एवं समाज की सहमति शामिल है। उपरोक्त कार्य को नगर पालिका प्रशासन ने वार्डवासियों की मांग पर नियमों के अनुसार कराया है। इसके लिए सर्व सहमति से नगर पालिका में विधिवत आवेदन किया गया है।
मालूम हो कि डॉ. चोपड़ा ने हाल ही में एक बयान जारी कर पिटियाझर स्थित गौरा चौंरा को स्थानांतरित कर वहां जिम खोलने का विरोध करते हुए कहा था कि इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई है। डा. चोपड़ा के इस बयान के विरोध में पिटियाझर वार्ड नंबर 12 के पार्षद डमरूधर मांझी, चंद्रशेखर सूर्यवंशी, विकाश वर्मा, कुबेर सेन, मनीष सोनवानी, चंद्रहास चंद्राकर, पानो बाई ध्रुव, रोहणी सोनवानी, राजेंत्रीन ध्रुव, बुधिया यादव, शांति बाई सेन, रमी वर्मा, सोमश, देवेन्द्र साहू, ज्योति, बसंती सोनवानी, नागेश विश्वकर्मा, रेवती यादव, पूजा सोनवानी, तिलक सेन, पुष्पेन्द्र, पुष्पा सेन, खुमेश्वरी सेन, संतोषी सेन, पोखन लाल ध्रुव, नरेश ध्रुव, डिलेन्द्र ध्रुव, राधेश्याम साहू, कुनाल साहू समेत अनेक मोहल्लेवासियों ने डा. विमल चोपड़ा एवं भाजपा पदाधिकारियों द्वारा गौरा चौंरा तोडऩे की खबर का खंडन किया है। उनका कहना है कि पिटियाझर की आबादी भूमि खसरा नं.137 में अनेक वर्षों पूर्व बजरंग चौक पर गौरी गौरा चौरा बनाया गया था। जो वर्तमान में जर्जर हो जाने के कारण समाज के सर्व सम्मति से, देवी देवता को खंडित किए बिना,उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। इसमें समाज के किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं हुई है। यह केवल धार्मिक भावनाओं को भडक़ाने की साजिश है।
राशि महिलांग के अनुसार विशेष तौर पर इस संवेदनशील स्थान की स्थिति से अवगत कराते हुए वार्डवासियों ने कहा था कि बजरंग चौक के आसपास भूमि पर कई व्यक्तियों द्वारा कब्जा करने की कोशिश हुई है। बजरंग दल समिति द्वारा समय-समय विरोध करने के कारण वह भूमि सुरक्षित है।
अत: उपरोक्त भूमि को प्रशासन द्वारा शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण हेतु चयन किया गया है। पूरे मोहल्लेवासी अस्पताल निर्माण कार्य हेतु सहमत हंै।