महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई। ग्राम कुंडापाली के लोगों ने सेल्समैन पर राशन गबन करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सेल्समैन ने उनके अंगूठे का निशान लेकर राशन वितरण की एंट्री कर ली है और राशन का गबन कर लिया है। इसकी शिकायत लेकर गुरुवार को ग्राम कुंडापाली के कई ग्रामीण सरायपाली एसडीएम ऑफिस पहुंचे। सेल्समैन की मनमानी और चावल गबन की शिकायत कर कार्रवाई की मांग करने लगे। अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए राशन दुकान से एक साथ 2 माह का राशन देने का निर्देश जारी किया है, वहीं इसके विपरीत सेल्समैन इस योजना का उपभोक्ताओं को लाभ देने के बजाय गड़बड़ी करने में लगे हुए हैं। ग्राम कुंडापाली के लोगों को राशन लेने के लिए गांव से कई किलोमीटर दूर ग्राम भूतिया में संचालित राशन दुकान, राशन लेने के लिए जाना पड़ता है। लेकिन सेल्समैन द्वारा वितरण के लिए आए दो माह के राशन का गबन कर लिया गया है और उपभोक्ताओं को राशन नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में एसडीएम से बात करने की कोशिश की गई तो वे कार्यालय में नहीं मिले। वहीं सहायक खाद्य अधिकारी ने कहा कि शिकायत मिली है, जांच के बाद ही कुछ कह पाऊंगा।