महासमुन्द

महासमुंद का गांव पुटका, जहां किसी भी मौत पर पूरा गांव एक साथ मिलकर अंतिम संस्कार करता था, आज तीन मौतों के बाद भी सन्नाटा है...
19-May-2023 3:23 PM
 महासमुंद का गांव पुटका, जहां किसी भी मौत पर पूरा गांव एक साथ मिलकर अंतिम संस्कार करता था, आज तीन मौतों के बाद भी सन्नाटा है...

घर में अभी भी चारों तरफ खून के छींटें, जहां पर शवों का जलाया गया, वहां राख ढेरी सलामत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 मई।
गांव पुटका में किसी भी ग्रामीण की मौत पर पूरा गांव एक साथ मिलकर मृतक का अंतिम संस्कार करता था लेकिन इस बार तीन मौतों के बाद भी सन्नाटा है। क्योंकि मृतकों के शव को उनके कातिल बेटे ने अकेले ही बाड़ी में जला दिया। पूरे तन दिन तक वह लाशों को जलाते रहा। घर में अभी भी चारों तरफ खून के छींटें सलामत हैं। जहां पर शवों का जलाया गया, वहां राख ढेरी है। हड्डियों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई हैं। घटना के बाद गांव वालों को मांस जलने की बू भी आई थी, घर में धुआं उठते भी लोगों ने देखा था, लेकिन कोई भी मुंह खोलने के लिए तैयार नहीं था। गांव वाले आरोपी बेटे को साइको मानते थे और डरते भी थे। आज भी सब चुप हैं। एक 65 साल के बुजुर्ग घसिया राम ने जरूर कहा कि लोग किस पर भरोसा करे? अपना जाया ही मां बाप के टुकड़े करने लगा है। जलाते वक्त भी उसका दिल नहीं पसीजा। जल्लाद पैदा करने से अच्छा है कि भगवान औरत को बांझ ही रखे।

इस वक्त मृतक के परिवार में दशगात्र की तैयारी है। गिने चुने लोग इस कार्यक्रम में शामिल हैं। जिन गांव वालों के साथ मास्टर जी का राम रमौवा था, आज बेहद सदमे में हैं। घसिया राम कहते हैं कि मास्टरजी की पत्नी भी बहुत नेक थीं। मास्टर जी की मां गांव वालों की खोज खबर बराबर लेती रहती थी। भले ही उनका घर गांव से थोड़ी दूर में है लेकिन गांव में सब के साथ उनकी बातचीत थी। एक उनका यही बेटा ही दिन रात नशे में रहता था। चोरी के एक मामले में भी उनका नाम आया था। इसलिए मास्टरजी कुछ दिनों से एकदम चुप हो गए थे। एक बारगी इस पर किसी को भरोसा नहीं हुआ। लेकिन सच तो सच है। एक नहीं, दो नहीं बल्कि एक साथ अपने तीन लोगों की हत्या, उसके बाद शवों के टुकड़े करना, फिर उसे जलाना, इतने दिनों तक उसी माहौल में मजे से जी लेना कोई आम इंसान का काम नहीं हो सकता। इसी बात को लेकर गांव फिक्रमंद है कि यह सब क्या हो गया? 

गांव वालों और पुलिस के मुताबिक- ग्राम का थाना सिंघोड़ा निवासी उदित भोई उम्र 24 वर्ष ने दिनांक 12 मई को 23 को प्रात:10.10 बजे थाना आकर सूचना दिया कि उनके पिताजी प्रभात भोई पिता अंतर्यामी भोई उम्र 53 वर्ष साकिन पुटका 8 मई 2023 के सुबह इलाज कराने रायपुर जा रहा हूं कहकर पत्नी सुलोचना भोई उम्र 47 वर्ष एवं अपनी मां झरना भोई उम्र 76 वर्ष के साथ घर से निकला है और आज तक घर वापस नहीं आया है। 

इस सूूचना पर थाना सिंघोड़ा में गुम इंसान कायम हुआ। थाना सिघोड़ा की टीम गुम इंसानों की पता तलाश कर रही थी कि गुम इंसान प्रभात कुमार भोई का दूसरा बेटा अमित कुमार भोई जो पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रायपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है, अपने घर ग्राम पुटका आया। उस वक्त घर में ताला लगा था। वह अपने चाचा पंचानन भोई के घर गया तो पता चला कि तुम्हारे पिता प्रभात भोई, मां झरना बाई एवं दादी सुलोचना भोई 8 मई से घर पर नहीं है। सिंघोड़ा थाने में तुम्हारे बड़े भाई उदित भोई ने गुम इंसान रिपोर्ट दर्ज कराया है। 

अमित कुमार भोई अगले दिन सुबह चाचा पंचानन भोई के साथ अपने घर ग्राम पुटका गया तो उस दिन भी घर पर बड़ा भाई उदित भोई नहीं था। वह घर की बाड़ी तरफ  गया तो बाड़ी में कुछ जलाने का निशान देखा। जला हुआ राख को हटाया तो उसमें मानव हड्डी के टुकड़े पड़े मिले। बाड़ी की ओर से घर में प्रवेश का दरवाजा खुला था। अमित कुमार ने वहीं से घर में प्रवेश किया। वहां उसने हाल के दीवाल पर खून के छींटे तथा बाड़ी में स्थित बाथरूम में खून जैसा धब्बा, बाड़ी में जलाने का निशान, बगल में एक छोटे से गड्ढे में राख का ढेर देखा। घर से पिता, माता एवं दादी गायब थे। यह सब देखते ही अमित कुमार ने अनहोनी की आशंका से अविलंब थाना सिंघोड़ा आकर इसी सूचना दी। 

अमित की सूचना पर थाना सिंघोड़ा की टीम तत्काल ग्राम पुटका पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपने जवानों के साथ साक्ष्य की तलाश में जुचे और घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर उदित को हिरासत में लिया। उदित भोई ने पहले तो जुर्म छिपाने की कोशिश की और बाद में जुर्म स्वीकार भी लिया। 

आरोपी बेटे ने पुलिस को बताया-प्राचार्य पिता प्रभात भोई,माता एवं दादी के गुम होने की झूठी रिपोर्ट लिखा कर रिश्तेदारों और पुलिस को करता रहा। अनुकंपा नियुक्ति, पैसों की जरूरतों को लेकर माता-पिता से झगड़ा करता था। घटना के दिन भी पैसों को लेकर पिता के साथ विवाद हुआ था। उसी रात हॉकी स्टीक से आधी रात सोए हुए पिता, मां और दादी की बारी-बारी से हत्या कर सभी के शव घर के बाथरूम के पीछे छुपा दी। 

इसके बाद फिनायल से घर को साफ  किया। घटना के दो दिनों बाद 10 मई से 3 दिनों तक धीरे-धीरे तीनों की लाश को सैनेटाईजर डालकर जलाते रहा। । शव को जलाने के बाद बचे राख एवं हड्डी को वहीं पास एक छोटा गडढे में दबाते रहा। इस दौरान घर की आलमारी में रखे पैसों से 4 दिनों में नया पलंग, नई अलमारी, नया एसी, नया मोबाइल व कई सामग्रियां खरीद ली। इस दौरान घर में मां-बाप और दादी के अस्थि अवशेष पड़े रहे। घटना के दो दिन बाद दिनांक 10.11.05.23 को तीनों के शव को घर में रखे लकड़ी से जला दिया

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव का कहना है कि आरोपी पुत्र के विलासी व्यवहार पर हुआ संदेह हुआ। गांव वालों ने भी कहा कि आरोपी बेटा नशे का आदी है और इससे गांव वाले डरते हैं। वह साइको है। गांव वालों ने यह भी बताया कि घर से धुंआ उठा, मांस जलने की बदबू भी फैली थी। इसलिए पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। रायपुर से फ ॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम, सरायपाली शव को जलाने के बाद बचे राख एवं हड्डी को वही पास एक छोटा गडढे में दबा दिया। सम्पूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव एवं अनु.अधिकारी महासमुंद अभिषेक केसरी,थाना प्रभारी सिंघोड़ा निरीक्षक केशव कोशले, थाना प्रभारी सरायपाली आशीष वासनिक, थान प्रभारी पिथौरा शिवानंद तिवारी, सायबर सेल प्रभारी नसीम उद्दीन खान, सउनि प्रकाश नं प्रआर भोज कुमार पटेल आर हेमन्त नायक,सुशांत बेहरा, चितरंजन प्रधान, चम्पलेश ठाकुर, छत्रपाल सिन्हा, बसंत, संजय, धर्मेन्द्र साहू, यश ठाकुर, विरेन्द्र बाघ एवं टीम द्वारा की गई।

 


अन्य पोस्ट