महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 मई। बुधवार से भंवरपुर में उपतहसील कार्यालय शुरू हो चुका है। अत: अब लोगों को राजस्व एवं न्यायिक कार्य के लिये अधिक दूरी एवं धन खर्च कर सरायपाली-बसना जाने की आवश्यकता नहीं है।
उपतहलीस कार्यालय खुलने के दौरान डिप्टी कलेक्टर दुर्गेश वर्मा, सरायपाली एसडीएम नंदनवार, तहसीलदार आर के मेहता, नायब तहसीलदार श्रद्धा सिंह उप तहसील भंवरपुर, सरपंच प्रतिनिधि लीलाकांत पटेल, सहकारी समिति भंवरपुर अध्यक्ष पूरन पटेल, सेवानिवृत्त शिक्षक बीपी देवांगन, विधायक प्रतिनिधि श्रवण पटेल, अधिवक्ता एवं नोटरी समारु लाल साहू, पटवारी बालकृष्ण देवांगन, संजय अग्रवाल, रोहित पटेल सहित अधिकारी, कर्मचारी,पटवारी, पंचायत पदाधिकारी एवं ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि लीलाकांत पटेल ने कहा कि बसना तहसील का सबसे बड़ा राजस्व उप तहसील कार्यालय निरीक्षक मंडल भंवरपुर था। यहां तहसील, जनपद, महाविद्यालय एवं थाना जैसी सुविधाएं बहुत पहले से हो जानी चाहिये थी। लेकिन देर से ही सही भंवरपुर में उपतहसील का कार्यालय शुरू हुआ है। अब लोगों को कई कामों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।