महासमुन्द

हीरामोती चौहान द्वारा लगाए आरोप बेबुनियाद-मदनकार
13-May-2023 3:10 PM
हीरामोती चौहान द्वारा लगाए आरोप बेबुनियाद-मदनकार

  कर्ज को लेकर आत्महत्या मामला  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 मई।
कर्ज को लेकर आत्महत्या मामले में कल पार्षद सहित मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर तथा पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। 
सौंपे ज्ञापन में पार्षद गोलू मदनकार ने बताया है कि हीरामोती चौहान द्वारा उन्हें तथा कुछ अन्य व्यवसायियों पर झूठे तथा मनगढ़ंत कहानियां गढक़र उनकी सामाजिक तथा राजनैतिक छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। गोलू मदनकार ने कहा कि वे ठेकेदारी का व्यवसाय करते हैं तथा समाज सेवा व धार्मिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। 

गोलू मदनकार के मुताबिक-पुरुषोत्तम चौहान ने 19 जनवरी 2023 को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक मेरे बचपन के मित्र थे। श्री चौहान के फांसी लगाने पर उसकी पत्नी हीरामोती ने सबसे पहले मुझे ही फोन करके सूचना दी। वे घटना स्थल पर पहुंचे, तब से लेकर कार्यक्रम के बाद तक मैं हीरामोती चौहान के साथ मित्र होने के नाते सहयोग करता रहा।

अंतिम कार्यक्रम के बाद से मेरे मृतक दोस्त की पत्नी हीरामोती मोहल्ले में और मेरे परिचितों के समक्ष मेरे परिवार के विरूद्ध अनर्गल बातें कर रही हैं। उन्होंने अब चारित्रिक लांछन लगाना शुरू किया है। मेरे दोस्त ने आत्महत्या से पहले घरेलू कार्य के लिए रकम की मांग की तो मैंने कुल 20 हजार रुपए उसे बतौर कर्ज दिया था जो आज पर्यंत अप्राप्त है। वह ब्याज लेने का झूठा आरोप लगाकर मुझे और मेरे परिवार को बदनाम कर रही है।

मालूम हो कि हीरामोती ने अपने बच्चों को साथ लेकर सोमवार को कलेक्टोरट में धरना दिया था। तब उन्होंने कहा था कि सूदखोरों से पैसा लेकर मेरे पति सूद का पैसा नहीं पटा सके और एक चिट्ठी लिखकर फांसी पर लटक गया। मौत से पहले लिखे उस पत्र में सूदखोरों के नाम सहित आरोप हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। 


अन्य पोस्ट