महासमुन्द

वेदमाता गायत्री गौशाला में पेंसिल बन रही, जिसे फेंकने के बाद उसमें से पौधे उग आएंगे
13-May-2023 2:31 PM
वेदमाता गायत्री गौशाला में पेंसिल बन रही, जिसे फेंकने के बाद उसमें से पौधे उग आएंगे

 स्कूली बच्चों में पौधरोपण के प्रति रूचि जगाने इको फें्रडली पेंसिल का इजाद 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13 मई। महासमुंद स्थित वेदमाता गायत्री गौशाला के सचिव सीताराम सोनी ने स्कूली बच्चों में पौधरोपण के प्रति रूचि जगाने के लिये इको फे्रंडली पेंसिल का इजाद किया है। अब यदि स्कूली बच्चे इस पेंसिल का उपयोग करेंगे और खत्म होने पर फेकेंगे, तो कुछ ही समय बाद फेंके गए स्थान पर पौधे उगेंगे। हालांकि यह चौंकाने वाली बात है लेकिन यह बात 100 फ ीसदी सही है।

गौरतलब है कि शहर के एक पर्यावरण प्रेमी तथा भलेसर मार्ग स्थित प्रदेश के सबसे बड़े गौशाला वेदमाता गायत्री गौशाला के सचिव सीताराम सोनी ने एक इको फ्रेंडली पेंंसिल बनाई है जिसको उपयोग के बाद बचे पेंसिल के टुकड़े को स्कूल से आते-जाते समय सडक़ किनारे फेंक देते हैं तो फेंके गए स्थान पर नीम, इमली, राहर समेत अनेक फलदार तथा छायादार पौधे उगेंगे और यदि इस पेंसिल को बाड़ी में फेंकेंगे तो पालक, धनिया, सरसों जैसे सब्जियों से जुड़े उत्पाद मिल सकेंगे।

                मिली जानकारी के अनुसार बीते 4-5 वर्षों से इस गौशाला में अनेक महिलाएं गोबर से गणेश, दीये, गौमूत्र अर्क तैयार कर रही है। इस बार गोबर से इको फ्रें डली पेंसिल बनाने पर विचार किया गया। पेंसिल की अधो संरचना तैयार करने के बाद बकायदा इसका प्रयोग किया गया कि पेड़ उगता है या नहीं? इस पेंसिल के लिए 10 रुपए गौ सेवा शुल्क निर्धारित किया गया है।

इस दिशा में काम कर रहे जानकारों के मुताबिक हर साल 20 लाख पेंसिल निर्माण के लिए 8 लाख वृक्षों को काटा जाता है। लेकिन पौधे रोपने की गति काफ ी धीमी है। लगातार पेड़ों की कटाई की वजह से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। फलस्वरूप कभी अतिवृष्टि तो कभी अल्पवृष्टि से किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रत्येक स्कूल में 250 से 500 तक छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। यदि ऐसे उत्पाद तैयार किया जाएं तो जाने अनजाने में ही और बिना समय खर्च किये पर्यावरण की दशा सुधर जाएगी।

मालूम हो कि महज 15 बाई 15 के एक छोटे से भूखंड में 102 गायों के साथ इस गौशाला की शुरूआत हुई थी। वर्ष 1998 में शहर के नयापारा में शुरू हुई यह गौशाला अब भलेसर मार्ग पर स्थित है। कम समय में ही यह प्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला के नाम से विख्यात होने के साथ ही अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में भी सफल हो चुकी है। वर्तमान में यहां 500 से अधिक गायें और बछड़े हंै। इस गौशाला में 40 प्रकार के उत्पादों का निर्माण होता है।  इको फे्रंडली पेंसिल बनाने बनाने वाले सीताराम सोनी के मुताबिक पेंसिल के भीतर प्रत्येक बीजों का वैज्ञानिक पद्धति से उपचार किया गया है। सीताराम सोनी ने बताया कि पेंसिल निर्माण के बाद पेंसिल में एक कैप लगाया गया है। जिसमें छायादार, फलदार तथा फूल वाले पौधों के अलावा, अनेक औषधि व घर पर उपयोग होने वाले सब्जियों के बीज को उपचारित करके डाला गया है। बच्चे पेंसिल उपयोग के बाद यहां-वहां फेंक देते हैं। लेकिन जब बच्चों को बताया जाएगा कि पेंसिल के टुकड़े फेंकने के बाद पेड़ उगेगा, तो बच्चे इस पर रूचि दिखाएंगे और पर्यावरण के प्रति प्रेम बढ़ेगा।

वर्तमान में इस गौशाला में गोमय जाप माला, गोमय स्टोन माला,लड़ी माला, मोबाइल स्टीकर, दंत मंजन, गोमय गमला, केचुआ खाद, छेना पैकेट, गोमूत्र फिनायल, गोमय कीटनाशक, गो अर्क, धूप पैकेट, अगरबत्ती, मच्छर अगरबत्ती सहित लगभग 40 प्रकार के उत्पादों का निर्माण होता है। प्रदेश के सभी गायत्री मंदिरों सहित पूजन स्टोर्स में इन उत्पादों की खासी डिमांड है।


अन्य पोस्ट