महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 27 अप्रैल। रविवार को कैरियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन जिले के बाग़बाहरा ब्लॉक मुख्यालय में किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य आज के विद्यार्थी वर्ग को उनके करियर का चुनाव करने के लिए एक नई सोच एवं दिशा प्रदान करना था। इस सेमिनार के माध्यम से विद्यार्थियों को कई नवीन क्षेत्रों से अवगत कराया गया। सेमिनार में संसदीय सचिव व विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। कार्यक्रम में कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत के साथ ही जिला पंचायत सीईंओ एस आलोक भी उपस्थित थे।
संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव ने विद्यार्थियों को सफल होने के लिए परम्परागत तरीकों से रटकर पढऩेे की बजाय व्यावहारिक सोच के साथ अध्ययन करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा शिक्षा की गुणवत्ता तथा विश्वास में बढ़ोतरी कर बच्चे नए मुकाम तक पहुंच सकते है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में प्रदेश के सभी महाविद्यालयों का नैक से मूल्यांकन एवं प्रत्यायन किये जाने का कार्य अभियान के तौर पर किया जा रहा है। सभी क्षेत्रों एवं सभी वर्ग के विद्यार्थियों को आधुनिकतम सुविधाओं के साथ गुणवत्ता शिक्षा दिये जाने की दिशा में शिक्षा विभाग निरंतर प्रयासरत है। युवाओं को स्वरोजग़ार से भी जोड़ा जा रहा है। प्रदेश में युवकों के बेहतर भविष्य के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही है।
इस सेमिनार का आयोजन टाउनहॉल में मगधा यादव समाज ने किया था। सेमिनार में विधार्थियों के साथ अविभावक भी पहुंचे थे। महासमुंद के एक स्थानीय स्कूल के द्वारा पॉवर प्रजेंटेशन के माध्यम से विधार्थियों को कॅरियर संबंधी जानकारी दी गयी। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि महासमुंद में प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए नि:शुल्क नव.किरण कोचिंग की व्यवस्था की गयी है। ब्लॉक स्तर पर इसका विस्तार किया जाएगा ताकि युवाओं को अनुभवी शिक्षकों से मार्ग.दर्शन के साथ विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने में मदद मिल सके।
उन्होंने बच्चों को आगे बढऩे और अपना कॅरियर बनाने पीएससी की तैयारी करने के टिप्स दिए। बच्चों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का जवाब दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उन्होंने सेमिनार के लिए मगधा यादव समाज की सराहना की। वानमंडलाधिकारी राजपूत ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया। इस कार्यक्रम में नव किरण के ईश्वर चंद्राकर, डा. गरिमा यादव, चार्टर्ड एकाउंडेंट चिराग़ गंडेचा, गोविंद क्लासेस संचालक गोविंद चंद्राकर सहित मगधा यादव समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।