महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 अप्रैल। महासमुंद जिले में एक बार फिर कोरोना के मामलों में तेजी देखी जा रही है। सप्ताह भर में ही मेडिकल कॉलेज में कुल एक्टिव प्रकरणों की संख्या 86 हो चुकी है। परसों शनिवार को एक ही दिन कोरोना के कुल 23 केस सामने आए हैं। विभाग द्वारा प्रतिदिन 140 लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। लेकिन कल अवकाश का दिन होने की वजह से जांच कम हुई है। बावजूद कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी गई है। हालांकि इनमें से एक भी मामलों में भर्ती वाली स्थिति नहीं है। लेकिन चिकित्सकों ने 12 साल से कम उम्र के बच्चों को विशेष रूप से ध्यान देने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
कोरोना के नए वेरिएंट आने के बाद अब तक मृत्यु के एक भी केस सामने नहीं आए हैं। लोग स्वयं ही जांच कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेज सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा प्राथमिक चिकित्सालयों के साथ-साथ वेलनेस सेंटरों में भी जांच शुरू की गई है।
अस्पतालों को मिलाकर 339 बेड की तैयारी है। लोगों को सेनेटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क के लिए अपील की जा ही है। मालूम हो कि कोरोना संक्रमितों की संख्या शून्य होने के बाद प्रदेश सहित जिले को कोरोना संक्रमण मुक्त कर दिया गया था तथा एडवाइजरी वाली गाईड लाइन को शिथिल कर दिया गया था।
इसके बाद लोगों ने मास्क,सोशल डिस्टेसिंग जैसे गाईड लाइन का पालन बंद कर दिया। लेकिन हाल ही में विभाग ने पुन: गाइड लाइन जारी की है फिर भी इसका पालन नहीं हो पा रहा है। लोग अब भी भीड़ वाले इलाके में बिना मास्क के घूमते नजर आ रहे हैं। शहर में राजनैतिक, सामाजिक आयोजनों में भी कोराना नियम का पालन नहीं हो पा रहा है।
महासमुंद जिले में कोरोना संक्रमण का अंतिम केस 21 दिसंबर 2022 को मिला था। इसके अनुसार कुल 33 हजार 908 संक्रमण के मामले सामने आए थे। जिसमें 33 हजार 009 स्वास्थ्य हुए और 899 की मौत हुई है। अब फिर से सप्ताह भर से रोजाना नए संक्रमित मिल रहे हैं। जिले में अंतरराष्ट्रीय विमानों से आए यात्रियों की विमान स्थल पर ही जांच की जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा जिले की सीमाओं सहित अन्य स्थानों पर जांच सेंटर बनाकर कोरोना को ट्रैक किया जा रहा है।