महासमुन्द
गार्डन में पैडल बोटिंग की सुविधा शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अप्रैल। कलेक्ट्रेट कॉलोनी रोड स्थित गुरु गोविंद सिंघ उद्यान में भारत माता की मूर्ति का अनावरण बतौर मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने मंगलवार की देर शाम किया। इस अवसर पर पैडल बोटिंग सुविधा का शुभारंभ भी किया गया। मालूम हो कि महासमुंद नगर पालिका द्वारा बच्चों के लिए शहर के उद्यानों में निरंतर सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं। इसी कड़ी में गुरु गोविंद सिंघ उद्यान में मंगलवार की देर शाम मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग की अध्यक्षता में भारत माता की आदम कद प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही पैडल बोटिंग का शुभारंभ भी किया।
इस दौरान संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि कलेक्ट्रेट कॉलोनी करीब होने के कारण शासकीय कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारियों को इतना समय नहीं मिल पाता कि अपने बच्चों को कहीं घूमने ले जाएं। लिहाजा यह गार्डन कलेक्ट्रेट कॉलोनी से करीब होने के कारण उनके बच्चों खेल कूद करने में आसानी होगी। इसके अलावा उन्हें बोटिंग की सुविधा भी मिलेगी।
अध्यक्षता करते हुए नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कहा बच्चों की मांग पर ही गार्डन में सुविधाजनक खेल कूद की सामग्री स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंघ उद्यान ओपन जिम की भी व्यवस्था है और लोग यहां आकर कसरत करते हैं। इस दौरान संसदीय सचिव ने पैडल बोटिंग का लुत्फ उठाया। बता दें कि गार्डन में बच्चों के लिए चार सीटर और टू सीटर बोटिंग की सवारी कर सकते हैं।
इस अवसर पर सभापति व पार्षद निखिलकांत साहू, हफीज़ कुरैशी, मंगेश टांकसाले, सरला गोलू मदनकार, शोभना यादव, पूर्व नपा उपाध्यक्ष त्रिभुवन महिलांग, दाऊ लाल चंद्राकर, संजय शर्मा, पूर्व पार्षद कपिल साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी एल वर्मन, दिलीप चंद्राकर, सीताराम तेलक, अनुराग गुप्ता, लता कैलाश चंद्राकर उपस्थित थे।