महासमुन्द
हनुमान मंदिर में सवा लाख बाती से महाआरती
जगह-जगह भंडारा, प्रसादी वितरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अप्रैल। कल हनुमान जन्मोत्सव नगर सहित जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समूचा शहर राम भक्त हनुमान की भक्ति में लीन रहा। सडक़ किनारे जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। शहर के राम जानकी मंदिर, कचहरी चौक, स्टेशन रोड, नयापारा, इमलीभांठा सहित विभिन्न मंदिरों में हनुमान की विशेष पूजा की गई।
कल सुबह से ही मंदिरों में भक्त सिंदूर व चमेली तेल के साथ चोला चढ़ाने के लिए भक्तों की टोली पहुंच रहे थे। भक्तों ने हनुमान मंदिरों में पूजा अर्चना कर अंचल की सुख शांति व समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर शहर के 1 विभिन्न मंदिरों में सुंदर कांड, रामायण, हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। बाद हनुमान की आरती की गई। बरोंडा चौक, शास्त्री चौक में जलपान वितरण किया गया। जिला मुख्यालय के संकटमोचन हनुमान मंदिर में सवा लाख बाती से महाआरती की गई। यहां सुबह 9 बजे ध्वजारोहण, हवन-पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे सवा लाख बाती से आरती के बाद बजरंग दल ने शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा राम जानकी मंदिर से प्रारंभ हुई जो शहर के मुख्यमार्ग से होते हुए सतबहनियां मंदिर में समाप्त हुई। शोभायात्रा में अखाड़ा प्रदर्शन आकर्षण का केन्द्र रहा। इसी तरह हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर खीर, पूड़ी के साथ विभिन्न प्रकार के प्रसादवितरण किए गए। सुबह से ही कचहरी चौक, नेहरू चौक, पुराना सरकारी अस्पताल सहित विभिन्न हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। अंचल के छोटे बड़े मंदिरों में देर रात तक पूजा का क्रम जारी था।
