महासमुन्द

प्रशासनिक जांच में मिला भस्करापाली-बरनईदादर में धान उपार्जन नीति का उल्लंघन, नोटिस पाकर पेशी में पहुंचे प्रबंधक
14-Mar-2023 3:03 PM
प्रशासनिक जांच में मिला भस्करापाली-बरनईदादर में धान उपार्जन नीति का उल्लंघन, नोटिस पाकर पेशी में पहुंचे प्रबंधक

इस वर्ष अच्छी खरीदी हुई, धान का उठाव भी समय पर हुआ, गड़बड़ी भी पकड़ी गई-कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 मार्च।
महासमुंद जिले के दो धान खरीदी केन्द्र भस्करापाली और बरनईदादर में धान उपार्जन नीति का उल्लंघन पाया गया है। जिला प्रशासन ने दोनों धान खरीदी केंद्रों के समिति प्रबंधक, धान खरीदी प्रभारी, कम्प्यूटर आपरेटर को नोटिस दिया है और 13 मार्च को कलेक्टर कोर्ट में में उपस्थित होने कहा था। दोनों ही समितियों के समिति प्रबंधक, धान खरीदी प्रभारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर कल कलेक्टोरेट पहुंचे और उनकी सुनवाई हुई है। लेकिन समाचार लिखते तक किसी तरह निर्णय की जानकारी नहीं मिल पाई है।

इस मामले में महासमुंद के कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने कहा है कि इस वर्ष अच्छी खरीदी हुई है। धान का उठाव भी समय पर हुआ है। इस कारण गड़बड़ी करने वालों की गड़बड़ी पकड़ी गई है। दो धान खऱीदी केंद्र भस्करापाली और बरनईदादर की जांच जिला प्रशासन की टीम ने किया है और में गड़बडिय़ां पायी गयी है।

पहला मामला महासमुंद जिले के धान खरीदी केंद्र भस्करापाली का है जहां धान खरीदी वर्ष 2022-23 में 31 जनवरी 2023 तक कुल 63 हजार 492 क्विंटल धान खरीदी ऑनलाइन में दिखाया गया था। 31 जनवरी 2023 को जब जिला प्रशासन की जांच टीम ने खरीदी केंद्र भस्करापाली में खरीदे गए धान की जांच की तो वहां 730 क्विंटल धान कम पाया गया था।

इस तरह यहां प्रतिक्विंटल 2500 हिसाब से 18 लाख 25 हजार रुपए का धान कम था। अधिकारी भी इसे फर्जी, बोगस खरीदी मान रहे हंै। क्योंकि इस बार धान खरीदी के समय न ही बारिश हुई, न ही खरीदे गए धान के उठाव में देरी हुई है। इस बार प्रशासन ने उठाव की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखा भी था। समितियों में धान की खरीदी होती रही और मिलरों के माध्यम से उठाव भी होते गया। इस बार धान में सूखत और धान खराब होने जैसे कोई बात नहीं आई।

दूसरा मामला बरनई दादर का है जहां धान खरीदी वर्ष 2022-23 में कुल 31 हजार 401.6 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। खरीदी के लिए सरकार ने धान के तीन कैटेगरी निर्धारित किया है जिसमें मोटा, पतला और सरना शामिल है। इसके लिए अलग-अलग कालम बनाये गए हैं। लेकिन महासमुंद जिले के बरनाईदादर धान खरीदी केंद्र में शासन के नियम विरुद्ध सरना धान को मोटे धान में खरीदने और मोटे धान के डीओ में मिलरों को सरना धान देने और उसके एवज में प्रति क्विंटल 10 रुपए लेने और सरकार को क्षति पहुंचाने का खेल चल रहा था। जिला प्रशासन की जांच टीम ने बरनाईदादार धान खरीदी केंद्र में जांच में पाया है कि वहां सरना धान की कुल खरीदी से 408 क्विंटल सरना धान अधिक पाया गया। इस तरह दोनों धान खरीदी केंद्रों में, धान उपार्जन नीति का उल्लंघन पाया गया है। जिला प्रशासन ने दोनों धान खरीदी केंद्रों के समिति प्रबंधक, धान खरीदी प्रभारी, कम्प्यूटर आपरेटर को नोटिस दिया था।


अन्य पोस्ट