महासमुन्द

अमलोर, छत्तालडबरा, चुहरी समेत कई गांवों में हाथियों की आमद, अलर्ट
14-Mar-2023 2:21 PM
अमलोर, छत्तालडबरा, चुहरी समेत कई गांवों में हाथियों की आमद, अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मार्च।
महासमुंद जिले के वन विकास निगम क्षेत्र के 4 बूथों में इन दिनों एक बार पुन: हाथियों की आमद शुरू हुई है। आज सुबह 2 दंतैलों का लोकेशन अमलोर, छतालडबरा तथा नादंबारू के बीच बताया जा रहा है।
वन विभाग ने इसके चलते दर्जन भर से अधिक वन ग्रामों को अलर्ट कर महुआ आदि बीनने के लिये जंगल जाने पर सावधानी बरतने की सलाह दी है। संभवतत: ये वही दंतैल हैं जो पिछले माह गरियाबंद से होते हुये वापस बारनवापारा चले गये थे। अब इन हाथियों के सिरपुर क्षेत्र की ओर आने की संभावना है।

मालूम हो कि पिछले कुछ समय से जिले में हाथियों की चहल कदमी कम हुई थी। तापमान में बढ़ोत्तरी होते ही एक बार फिर हाथी  वन ग्रामों के आबादी क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। वन विकास निगम ने अमलोर, छत्तालडबरा, चुहरी, पासिद, बोरिद, मरौद, रायकेरा, नांदबारू, केशलडीह, तालाझार, सुकुलबाय में मुनादी कराकर अलर्ट किया गया है। हाथियों की आमद की एक वजह यह भी बताई जा रही है कि इन दिनों पतझड़ है और पेड़ पौधों में हरे पत्तों की कमी है। लिहाजा हाथी गांव की खेतों में रबी फसल के धान,गेहूं फसल को खाने के लिए गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। साथ ही वन ग्रामों में सूख रहे महुए की गंध भी उनके गांवों की ओर आने की एक खास वजह है।


अन्य पोस्ट