महासमुन्द
कवि-साहित्य गोष्ठी का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च। रविवार की शाम महासमुंद के काव्यांश भवन में कवि-साहित्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों और कवियों ने महिला सशक्तिकरण और फागुन पर अपनी-अपनी रचनाएं पढ़ीं। आयोजन मंडल के वरिष्ठ सदस्य राजेश्वर खरे ने फागुन महराज अबके गये कब अइहो गाकर कार्यक्रम का समापन किया।
साहित्य की सशक्त हस्ताक्षर कहे जाने वाली डीईओ एस. चंद्रसेन ने अपनी कविता से पहले कहा-इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस था, भारत में होली थी और मातृभूमि भारत में होलिका दहन हो रही थी। होलिका भी एक महिला ही थीं। उनकी कविता थी-आज भी है होलिकाएं..उनसे हमें सबक लेना है, कर्तव्यों से जीवन देना है..कोई महिला न बने होलिका। जबकि उमेश भारती गोस्वामी ने कहा-न रंग चाहिए, न उमंग चाहिए, जो शहीदों को रंग दे वो बसंती रंग चाहिए।
इस अवसर पर भागवत जगत भूमिल ने स्वर्ण मंजरी से लगते हैं अमलताश के फूल,दिनेश चंद्राकर चारुमित्र ने हम तो बघवा बन गुर्राबो, पुष्पलता हरपाल पीहू ने आया फागुन झूमकर, द्रौपती साहू ने धुरवा राम मरकाम की याद में मैं माटी महतारी अंव, वृंदावन पटेल ने तिरंगा घर-घर लहराबो, अशोक गोस्वामी ने बसंत बहार के दिन में सुनाई। उत्तरा विदानी ने बर तरी खड़े हे बरतिया का सश्वर पाठ किया तथा जयराम पटेल ने लघुकथा तूफान का पठन किया। कार्यक्रम का संचालन भागवत जगत भूमिल ने किया।