महासमुन्द

दो दिनों तक प्रसूता दर्द से कराहती रही, सीजर से मृत बच्चे को बाहर निकाला
02-Mar-2023 2:49 PM
दो दिनों तक प्रसूता दर्द से कराहती रही, सीजर से मृत बच्चे को बाहर निकाला

परिजनों का महासमुंद मेडिकल कालेज में हंगामा

मैंने कल सुबह प्रसूता की जांच की तो बच्चे की धडक़न बंद हो चुकी थी- डॉ.हेमंत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च।
महासमुंद मेडिकल कालेज में भर्ती एक महिला के प्रसव के दौरान गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में परिजनों ने कल जमकर हंगामा किया। प्रसूता की मां का आरोप है कि डॉक्टरों ने उपचार में भारी लापरवाही की है।
प्रसूता 28 फरवरी की सुबह से भर्ती है और दूसरे दिन 1 मार्च को सुबह आपरेशन किया गया। तब तक पेट में ही बच्चे की सांस थम चुुकी थी। यदि पहले ही संज्ञान लिया होता तो बच्चे को बचाया जा सकता था।

इस संबंध में अस्पताल के डॉक्टर हेमंत चंद्रवंशी का कहना है कि प्रत्येक टंबल में कम से कम दो-दो नर्सों की ड्यूटी की आवश्यकता है। यहां 3-3 टेबल के पीछे 1-1 नर्स हैं। डिमांड के बाद भी यहां नर्सेस नहीं भेजी गई हैं। डाक्टर चंद्रवंशी का कहना है कि मैंने जब सुबह प्रसूता की जांच की तो बच्चे की धडक़न बंद हो चुकी थी।

मालूम हो कि महासमुंद मेडिकल कालेज के प्रसव वार्ड में कुल 63 बेड हैं। जहां सिर्फ एक ही नर्स ड्यूूटी पर होती हैं। लंबे समय से यही अव्यवस्थाजारी है। इस मामले में जच्चा काजल के परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने प्रसव के तत्काल बाद मृत बच्चे को परिजनों के सुपुर्द नहीं किया बल्कि लगातार काजल को ऑब्जरवेशन में रखने की बात करते रहे। काजल को गायनिक वार्ड में शिफ्ट करने के बाद बच्चे का शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।

जानकारी के मुताबिक महासमुंद शहर के वार्ड 6 नयापारा निवासी काजल मानिकपुरी 24 साल पत्नी भवानी दास मानिकपुरी को 27 फरवरी की रात प्रसव पीड़ा हुई। इस दौरान वह डिलीवरी के लिए परिजनों के साथ अपने मायके ग्राम खट्टी चली गई। चूंकि काजल मानिकपुरी की मां लक्ष्मीन ध्रुव स्वास्थ्य विभाग में मितानिन है। उन्हें भरोसा था कि खट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नॉर्मल डिलीवरी हो जाएगी। लिहाजा रात करीब 10.30 से 11 बजे उसे स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। वहां उनका चेकअप किया गया लेकिन बिगड़ती कंडीशन को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अगले दिन 28 फरवरी की सुबह 10.30 बजे काजल को मेडिकल कॉलेज महासमुंद लाया गया। जहां उसे गायनिक वार्ड में रखा गया। यहां से काजल को डिलीवरी रूम ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात नर्सों ने चेक किया और नॉर्मल डिलीवरी हो जाने की बात कहते  हुए इंतजार की बात कही। घंटों इंतजार के बाद भी कोई डॉक्टर महिला को देखने नहीं पहुंचा। तीन घंटे बाद सुबह 8 से 2 बजे की शिफ्ट में तैनात ड्यूटी डॉक्टर प्रतिमा कोसेवारा काजल को देखने पहुंची। इस दौरान उन्होंने भी महिला का सिजेरियन डिलीवरी कराने के बजाए इंतजार करने को कहा।

काजल की बिगड़ती हालत देखकर उसकी मां लक्ष्मी लगातार डॉक्टरों और स्टाफ  से सीजर के जरिए डिलीवरी कराने की गुहार लगाती रही लेकिन किसी ने भी उनकी नहीं सुनी।
 परिजनों का आरोप है कि शिफ्ट खत्म होने के बाद डॉक्टर व स्टाफ  चले गए। दोपहर करीब 2.30 बजे डॉक्टर हेमंत चंद्रवंशी ने काजल को अटेंड किया तो उन्होंने पाया कि डिलीवरी कराने में काफी लेट हो चुका है और बच्चे की धडक़न रुक गई है। उन्होंने दोपहर करीब 3.30 सीजर कर बच्चे को बाहर निकाला। तब तक बच्चा दम तोड़ चुका था।

डॉक्टर प्रतिमा कोसेवारा का कहना है कि जब महिला को अस्पताल लाया गया था तब इसकी जानकारी मुझे नहीं थी। उन्होंने उपस्थित स्टाफ नर्स पर जिम्मेदारी मढ़ते हुए कहा कि महिला को अस्पताल लाने के बाद डिलीवरी रूम में रखा गया था। मैं राउंड पर थी और करीब 70 से 75 पेसेंट को देखने होते हैं। दोपहर 1.30 बजे चेक किया तो उसकी कंडिशन ठीक थी और बच्चे की हार्टबीट चल रही थी। इसलिए नॉर्मल डिलीवरी के लिए इंतजार करने कहा।

प्रसव पीड़ा के दौरान लापरवाही और बच्चे की मौत की खबर के बाद भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज पहुंचकर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सुधा साहू ने इस दौरान कहा कि अस्पताल में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला की अनदेखी यहां तैनात डॉक्टरों और स्टाफ  की घोर और गंभीर लापरवाही को उजागर करता है। जिसके चलते एक परिवार को अपने घर का चिराग खोना पड़ा है। किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना ना हो इस बात को लेकर सभी ने जमकर हंगामा किया।
 


अन्य पोस्ट