महासमुन्द
छुरीडबरी स्कूल के तीनों शिक्षक जेल, दाखिल वैकल्पिक व्यवस्था के साथ पढ़ाई फिर से शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा/महासमुंद,1 मार्च। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के शासकीय छुरीडबरी स्कूल में छात्राओं से अश्लील हरकत करने वाले 3 शिक्षकों की गिरफ्तारी के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने स्कूल में वैकल्पिक रूप से शिक्षकों की व्यवस्था कर दी है और स्कूल में फिर से बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चलने लगी है।
थाने में शिकायत दर्ज होते ही शिक्षा विभाग ने तीनों शिक्षकों के निलंबन का अनुशंसा पत्र जेडी ज्वाइंट डायरेक्टर कार्यालय भेजा था। छात्राओं ने शिक्षकों के बारे में पुलिस को बताया है कि तीनों शिक्षक हर रोज शराब पीकर आते हैं। छात्राओं के साथ गाली-गलौज करते हैं। अपने बदन की मालिश करवाते हैं। सामने बुलाकर अपने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाते हैं। गंदी हरकतें करते हैं। गांव वालों को अपशब्द कहते हैं। मासिक धर्म को लेकर सवाल करते हुए अभद्र टिप्पणी करते हैं।
मालूम हो कि छुरीडबरी स्कूल के तीन शिक्षक आसकरण साहू, महेन्द्र बघेल और प्रमोद चन्द्राकर को छात्राओं के छेड़छाड़ के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इन पर आरोप है कि ये स्कूल की छात्राओं से मासिक धर्म पीरियड्स, उनके अंडर गारमेंट्स के बारे में सवाल पूछते थे। साथ ही उन्हें पोर्न वीडियो भी दिखाते थे। इससे परेशान और डरी हुई बच्चियों ने अपने पालकों को ये बातें बताई और पालकों ने मामले को पुलिस तक पहुंचाया। मामला संज्ञान में आते ही शिक्षा विभाग ने तीनों को निलंबित किया है।
यह मामला बागबाहरा ब्लॉक स्थित छुरीडबरी स्कूल का है। यहां की छात्राओं का आरोप है कि तीनों शिक्षक उन पर दबाव बनाकर और धमकी देकर मालिश भी करवाते थे। साथ ही गंदी और अश्लील बातें करते थे। इन सारी हरकतों से जब छात्राएं बेहद परेशान हो गईं, तो उन्होंने टीचरों की करतूत अपने माता-पिता को बताई। भडक़े परिजनों ने तत्काल बच्चियों को लेकर थाने पहुंच मामले की शिकायत की।
इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि 27 फरवरी को एक छात्रा ने अपने पिता से इस बात की शिकायत की और खुद के अलावा उसकी सहपाठी छात्राओं के साथ होने वाली हरकतों के बारे में बताया। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा। गांव में पंचायत बुलाई गई जिसमें आरोपी तीनों शिक्षकों को भी बुलाया गया। इस बीच गांव में हालात बेकाबू होने लगे तो ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
इसी दिन दोपहर आक्रोशित ग्रामीण पहले स्कूल पहुंचे और वहां से एक साथ गांव के बूढ़ा देव मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। मंदिर परिसर में दोपहर 3 बजे से लेकर रात के 10 बजे तक गहमागहमी का माहौल रहा।
ग्रामीणों के भारी आक्रोश के बाद टूहलू चौकी प्रभारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं कोमाखान और बागबाहरा के थाना प्रभारी भी महिला स्टाफ के साथ मौके पर तैनात रहे। इस बीच उप पुलिस अधीक्षक अजय शंकर त्रिपाठी को मौके पर बुलाया गया। उनके सामने ग्रामीणों और पालकों ने तीनों शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन पर तत्काल कारवाई की मांग की थी।
पुलिस ने सोमवार रात को तीनों शिक्षकों आसकरण साहू, महेन्द्र बघेल और प्रमोद चन्द्राकर को आईपीसी की धारा 292, 354, 34, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अध्रिनियम 2012 की धारा 8, 10 आईटीएक्ट की धारा 67, अनुसूचित जाति.जनजाति अधिनियम की धारा 3-2वी के तहत मामला दर्ज किया है।