महासमुन्द
वोल्टेज समस्या से ग्रामीण और किसान परेशान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी। बागबाहरा जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने किसानों की समस्या पर कनिष्ठ यंत्री कोमाखान को पत्र लिख कर कहा है कि स्वीकृत 33 के वी एवं 11 केवी विद्युत लाइन का कार्य 5 मार्च तक पूर्ण नहीं हुआ तो किसानों को लेकर उग्र आंदोलन करेंगे।
उन्होंने बताया है कि कनिष्ठ यंत्री कोमाखान के अंतर्गत 5 विद्युत उपकेन्द्र नर्रा, कोमाखान, कच्छारडीही, टेमरी, देवरी है। वर्षों पूर्व एक मात्र 33के वी लाइन से ही विद्युत सप्लाई होता आ रहा है, लेकिन वर्तमान में सिंचाई नलकूप एवं घर कनेक्शन काफी वृध्दि होने के कारण सभी विद्युत उपकेंद्रों में क्षमता से अधिक लोड बढ़ गया है।
उनका कहना है कि कच्छारडीह एवं नर्रा सब स्टेशन में लो वोल्टेज की समस्या बहुत ज्यादा बढ़ चुका है। बार-बार फीडरों में फाल्ट आ रहा है जबकि अभी गर्मी का मौसम आया नहीं है। मार्च महीने से विद्युत खपत वर्तमान से ढेढ़ गुना बड़ जाएगा। इन सब स्टेशनों में अभी से लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो चुका है जिससे किसान एवं ग्रामीण जन परेशान है स्टेशन में 300 एंपियर लोड बढ़ गया है। यही स्थिति रही तो क्षेत्र में किसानों के रवि फसल धूप के थपेडों में नष्ट हो जायेगा। विद्युत विभाग के कारण यदि किसानों का फसल बर्बाद होता है तो किसानों के नुकसान का जवाबदेही विद्युत विभाग का होगा।
उन्होंने बताया है कि विद्युत की समस्या को लेकर क्षेत्र के नागरिकों एंव किसानों के साथ विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन और अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। उक्त संबंध में रणनीति बनाने किसानों और ग्रामीणों के साथ बैठक का दौर चल रहा है। आन्दोलन के पहले उन्होंने विभाग से आग्रह किया है कि विद्युत लाइन के कार्य को अविलंब पूर्ण करें आन्यथा आंदोलन और किसानों के आक्रोश का सामना करने तैयार रहें।