महासमुन्द

कोलापदर जंगल में मिले तेंदुए की हत्या हुई थी, जंगल सफारी के खोजी कुत्ते वीरा ने खोजा 6 आरोपियों को, सभी हिरासत में
23-Feb-2023 2:52 PM
कोलापदर जंगल में मिले तेंदुए की हत्या हुई थी, जंगल सफारी के खोजी कुत्ते वीरा ने खोजा 6 आरोपियों को, सभी हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 फरवरी।
महासमुंद-बलौदाबाजार जिले के कोलपदर स्थित जंगल में गुफाबांध के पास परसों मंगलवार मिले तेंदुए के शव का कल बुधवार को पीएम पश्चात अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पीएम रिपोर्ट में तेंदुए को जहर देकर मारने की बात सामने आई है। हालांकि मंगलवार से ही जांच में जुटे जंगल सफारी के खोजी कुत्ते वीरा ने आरोपितों को सूंघ लिया था।

मंडल प्रबंधक वन विकास निगम बी रमन तथा उप मंडल प्रबंधक चित्रा त्रिपाठी के मुताबिक खोजी कुत्ते की सहायता से कोलपदर निवासी बिजलू राम बिंझवार, धनुष यादव, नरोत्तम यादव, चमार सिंह, परदेशी निषाद और लकेश्वर यादव को तेंदुए के शिकार मामले में गिरफ्तार किया गया है। इनके घर से वन्य जीव आखेट का भरपूर सामान जब्त किया गया है। सभी आरोपितों पर वन्य जीव अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

गौरतलब है कि मंगलवार की सुबह नौ बजे बलौदाबाजार जिले के रवान परिक्षेत्र में वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 90 में तेंदुए का शव देखकर चौकीदार ने वन अमले को सूचना दी थी। इसके बाद वन विभाग डिप्टी डीएफओ चित्रा त्रिपाठी, बार एसडीओ आनंद कोठरिया, मुख्य वन्यप्राणी संरक्षक प्रणिता पाल की टीम मौके पर पहुंची। इनके साथ जंगल सफारी से डाग स्क्वाड की टीम भी साथ पहुंची थी। सभी अधिकारियों ने तेंदुए के शव का जायजा लिया तो तेंदुए का बाल भी जला हुआ पाया।

मृत नर तेंदुए की उम्र लगभग पांच साल बताया गया है। उसके मृत शरीर के आसपास तार बरामद होने से करंट की चपेट में आकर तेंदुए की मौत की आशंका जाहिर की जा रही थी। मंगलवार को शाम होने के कारण तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। लिहाजा उसके शव को पीएम के लिए कोडार स्थित काष्ठागार में रात भर रखा गया था।

बुधवार सुबह छह डाक्टरों की टीम ने मृत तेंदुए पोस्टमार्टम किया। वन विकास निगम मंडल प्रबंधक बी रमन सोमावर ने बताया कि बुधवार सुबह 6 डॉक्टरों की टीम ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया है। डॉक्टरों के अनुसार तेंदुए को जहर दिया गया था। जिससे उसकी मृत्यु हुई है। इस संबंध में डाग स्क्वाड भी ग्राम कोलपदर तक पहुंची थी। मामले में पांच संदेहियों से पूछताछ के बाद ग्राम कोलपदर निवासी छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
 


अन्य पोस्ट