महासमुन्द

आधी रात पानी मांगने पर महिला ने दो बात सुना दी तो टंगिया से हमला, आरोपी हिरासत में
14-Feb-2023 12:01 PM
आधी रात पानी मांगने पर महिला ने दो बात सुना दी तो टंगिया से हमला, आरोपी हिरासत में

महिला अभी भी नाजुक 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 फरवरी।
आधी रात पानी मांगने पर महिला ने दो बात सुना दी तो टंगिया से प्राण घातक हमला कर दिया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। 

पुलिस अधीक्षक महासमुंद की टीम ने हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मालूम हो कि सोमवार को वार्ड नंबर 1 भानपुर बागबाहरा में एक महिला को उसके घर के आंगन में घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम वहां तत्काल पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचा था। समाचार लिखते वक्त रायपुर मेकाहारा अस्पताल में महिला दाखिल है और वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।    

पुलिस के अनुसार घायल महिला ललिता ठाकुर की स्थिति काफी गंभीर थी। पुलिस ने डायल 112 से उसको अस्पताल पहुंचाया। वहां आहत महिला का मुलाहिजा कराया गया जिसमें डॉक्टर ने सिर में 3 जगहों पर प्राणघातक चोट होना पाया। प्रत्यक्षदर्शी तथा प्रार्थी नरेन्द्र दीवान ने आरोपी वेदप्रकाश उर्फ  गोलू ध्रुव को आहत ललिता ठाकुर को हत्या करने की नीयत से टंगिया से प्राण घातक हमला कर चोट पहुंचाने का बयान दिया है। 

प्रार्थी के बयान के आधार पर आरोपी वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ  गोलू साकिन वार्ड नं 1 भानपुर बागबाहरा जिला महासमुंद के विरूद्ध थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 34-2023 धारा 307 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में  त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वेदप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। 

इस दौरान उन्होंने बताया कि-घटना दिनांक 12 फरवरी को रात्रि 11.45 बजे मैं अपने मोहल्ले में घूमने के बाद पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। प्यास लगने पर मोहल्ले के ललिता ठाकुर के घर का दरवाजा खटखटा कर पानी मांगा। ललिता ठाकुर ने रात्रि में परेशान करते हो पानी नहीं दूंगी, यहां से भाग जाओ कहा। मैंने गुस्से में पीडि़ता ललिता ठाकुर को जमीन में गिराया और बाहर रखे टंगिया से वार कर उसे घायल कर दिया। मुझे ऐसा करते मोहल्ले के नरेन्द्र दीवान ने देख लिया। मैं वहां से भाग गया। 

दूसरे दिन सुबह भानपुर बागबाहरा में महिला पर टंगिया से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार ललिता ठाकुर पति नंदकुमार ठाकुर उम्र 50 वर्ष अपने घर के आंगन में घायल अवस्था में पड़ी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल भिजवाया। घटना का प्रत्यक्षदर्शी नरेन्द्र दीवान ने आरोपी वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ  गोलू को हत्या करने की नीयत से टंगिया से हमला करना बताया।

प्रत्यक्षदर्शी नरेंद्र ने पुलिस को बताया-मैं वेयर हाऊस बागबाहरा में चौकीदारी का काम करता हूं। बीते रविवार को मैं अपने परिचित के घर के चौथिया कार्यक्रम में बेलटुकरी राजिम गया था। रात में करीब 11.30 बजे वापस झलप चौक आकर रुका और पैदल अपने घर की ओर गया। करीब 11.50 बजे मैं अपने मोहल्ले में ललिता ठाकुर के घर के पीछे पहुंचा तो मैंने किसी महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी। जब मैं ललिता ठाकुर के घर के सामने गया तो देखा कि उसके घर के आंगन में वेदप्रकाश उर्फ  गोलू ललिता ठाकुर को जमीन में गिराकर हत्या करने की नीयत से टंगिया से मार रहा है। मैं डर कर भागते हुए मोहल्ले में पहुंचा और लोगों को सूचना दी।

 


अन्य पोस्ट