महासमुन्द
महासमुंद,13 फरवरी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारम्भिक परीक्षा 2022 कल रविवार को आयोजित हुआ। जिले के निर्धारित 24 परीक्षा केन्द्रों में यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुईं। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनरल स्टडी का पर्चा हुआ। दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक एप्टीट्यूड का पर्चा आयोजित किया गया। पीएससी में इस बार 6151 परीक्षार्थी शामिल हुए।
मालूम हो कि कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने इस परीक्षा के सुचारू एवं निर्विघ्न रूप से संचालन के लिए नोडल अधिकारी सहायक के रूप में कार्य करने हेतु पूर्व में जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मधु साहू को सहायक परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया था। जिसमें आंशिक संसोधन करते हुए वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर नेहा भेडिय़ा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया।
इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर नकल रोकने के लिए तीन-तीन परीक्षा केन्द्रों के लिए एक-एक उडऩदस्ता दल गठित किया गया।
इस परीक्षा से पहले नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर ऋतु हेमनानी ने आयोग के निर्देशों से अवगत कराने के लिए जिला कार्यालय के सीजी स्वान सभाकक्ष में सर्व संबंधित केन्द्राध्यक्षों की बैठक ली थी। जिसमें प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट को छोडक़र परीक्षा संबंधी अन्य सामग्री जैसे ओएमआर, उत्तर पुस्तिका, बैंक ड्राफ्ट आदि केन्द्राध्यक्षों को उपलब्ध कराने तथा आयोग से प्राप्त निर्देशों को पालन करने के लिए निर्देशित किया था। लोक सेवा प्रारम्भिक परीक्षा के लिए जिले में 24 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे।