महासमुन्द

निकाले गए कर्मचारी से 50 हजार की मांग करते वेयर हाउस प्रबंधक का ऑडियो वायरल
10-Feb-2023 4:54 PM
निकाले गए कर्मचारी से 50 हजार की मांग करते वेयर हाउस प्रबंधक का ऑडियो वायरल

महासमुंद वेयर हाउस के हमालों ने लगाया मानसिक प्रताडऩा का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी। 
छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाऊस महासमुंद शाखा के दैनिकभोगी कर्मचारी और हमाल संघ ने यहां पदस्थ प्रबंधक और रेजा कर्मचारी पर डरा धमका कर मानसिक प्रताडऩा करने तथा काम से निकाल देने और वापस काम पर रखने के लिए पचास हजार रुपए की मांग करने का आरोप एक प्रेस वार्ता में लगाया है। महासमुंद प्रेस क्लब में पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा के साथ प्रार्थी पत्रकार वार्ता में पहुंचे थे। एक प्रार्थी ने प्रबंधक के साथ कथित चर्चा की क्लिप भी पत्रकारों को दी है जिसमें आपसी बातचीत में पैसे लेन-देन की चर्चा जाहिर है। वार्ता के दौरान हमाल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिन के भीतर प्रबंधक ओैर रेजा महिला कर्मचारी का स्थनांतरण अथवा बर्खास्तगी नहीं हुई तो सारे हमाल काम करना बंद कर आंदोलन करेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा के साथ दिलीप हमाल यादव, जुगराज महानंद, भानू नायक सहित अन्य हमाल और कर्मचारियों ने बताया कि बीते विगत एक वर्ष से ग्राम शेर स्थित छग स्टेट वेयर हाउस कार्पोरेशन में पदस्थ शाखा प्रबंधक एवं रेजा महिला कर्मचारी के साथ मिलीभगत के चलते 50 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी एवं 200 हमाल कर्मचारियों का शोषण कर रहे हैं। अकारण ही हमालों का काम से निकाल देते हैं और वापस काम पर लेने के लिए पचास-पचास हजार रुपए की मांग करते हैं। पैस नहीं देने पर महिला रेजा से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर गिरफ्तार करवाते हैं। कई हमालों के साथ यह घटना हो चुकी है और दो की गिरफ्तारी भी हुई है।  

हमालों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से लेकर जनप्रतिनिधि व शाखा मुख्यालय तक की है। कोई सुनवाई न होने के कारण उन्होंने प्रेस वार्ता लेकर इसकी जानकारी दी है। इन्होनें बताया कि वर्तमान में उनका एक साथी कर्मचारी इस यातना का शिकार है। हमाल को काम से निकाल देने के दो महीने बाद उससे पचास हजार रुपए की मांग करते प्रबंधक का बातचीत वाला आडियो सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है।

हमालों का आरोप है कि एक ही महिला रेजा के साथ छेड़छाड़ करने, जान से मारने की धमकी का आरोप लगा कर प्रबंधक ने कई हमालों के खिलाफ अपराध दर्ज कराया है। कर्मचारियों को प्रताडि़त कर उनका स्थानांतरण कर देता है।
कर्मचारियों न कहा है कि अन्य किसी कर्मचारी के साथ दोबारा ऐसा ना हो, कानून का दुरूपयोग कर कार्य में बाधा न पहुंचाई जाए इसलिए न्याय दिलाने की मांग शासन-प्रशासन से की गई है।'


अन्य पोस्ट