महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी। जिला कार्यसमिति की एक बैठक 9 फ रवरी को भाजपा कार्यालय महासमुंद में आहुत हुई जिसमें प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव शामिल हुए।
इस कार्यसमिति के बैठक में ओम माथुर ने कहा कि ऐसा कोई घर नहीं होगा, जिसे मोदी सरकार के योजनाओं का लाभ नहीं मिला होगा। देश विश्व गुरू की ओर बढ़ रहा है। मोदीजी के नेतृत्व में विश्व पटल में भारत का नाम रोशन हो रहा है।
श्री माथुर ने कहा कि बूथ स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कड़ी मेहनत करनी होगी। बैठक को प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में माफि या राज चल रहा है।
गरीबों का आवास छीनने वाली कांग्रेस सरकार ने केंद्र के जल जीवन मिशन को भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दी है। आम लोगों को शुद्ध पेयजल से वंचित होना पड़ रहा है। शराब बंदी की घोषणा कर सरकार में आने वाली कांग्रेस की सरकार जगह-जगह शराब दुकान खोल रही है। गांव-गांव में अवैध शराब का धंधा कांग्रेस सरकार चला रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ में जाकर कांग्रेस सरकार की नाकामी को जन-जन तक पहुंचाए। बैठक में जिलाध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने जिले की प्रस्तवना रखी।
बैठक में महासमुंद के सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला प्रभारी जनन्नाथ पाणिग्रही, सह प्रभारी संध्या परगनिहा सहित पूर्व विधायक, जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, मण्डल के प्रभारी, सह प्रभारी, जिले के सभी मण्डल अध्यक्ष, मोर्चा प्रकोष्ठ एवं जिला संयोजकों के अलावा वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।