महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 30 नवंबर। क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर शादी का प्रलोभन देकर रेप करने वाले को 10 वर्ष का कारावास फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सरायपाली ने दोष सिद्ध होने पर सश्रम कारावास व अर्थदंड से दंडित किया है।
अतिरिक्त लोक अभियोजक आर एल पटेल ने बताया कि बेंजामिन मैथ्यूज 35 वर्ष आयरुर, तेल्लीयुर थाना कोईपुरम जिला पत्तानममथीट्टा केरल स्वयं को क्राइम ब्रांच का वरिष्ठ अधिकारी बताकर छल करते हुए वर्दी पहने अपने फोटो दिखाकर बसना क्षेत्र के एक युवती को 1 जनवरी 2019 को शादी का प्रलोभन देकर जगदीशपुर एवं रायपुर के विभिन्न स्थानों पर अनाचार किया था, जब उक्त व्यक्ति फर्जी क्राइम ब्रांच वाला होने की जानकारी हुई तो पीडि़त युवती ने बसना थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस के द्वारा धारा 419,376 (2),170,धारा 67 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने मामला को न्यायालय में पेश किया था।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शोभना कोष्टा सरायपाली ने मामले में आरोपी बेंजामिन मैथ्यूज को धारा 376 (2)(एन) के तहत दोष सिद्ध होने पर उन्हें 10 वर्ष का सश्रम कारावास व 1000 अर्थदंड से दंडित किया गया है अर्थदंड की राशि जमा ना करने पर 6 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा काटनी पड़ेगी।