महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवंबर। कल अपने अवैध धान को मंडी ला रहा कोचिया मंडी कर्मचारियों को चकमा देकर भागा तो उसे भंवरपुर पुलिस ने ढूंढ निकाला।
जानकारी मिली है कि बसना ब्लॉक अंतर्गत खोखसा और सगरपाली के मध्य एक ट्रैक्टर जिसमें लगभग 80 से 100 बोरी धान लदा था, खोखसा के तरफ आ रहा था। इसी दौरान उक्त ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया और वह रास्ते में ही रुक गया। ट्रैक्टर का चालक ट्रैक्टर को वहीं खड़ा कर डीजल लेने चला गया। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध हालत में ट्रैक्टर देख इसकी सूचना भंवरपुर चौकी को दी। भंवरपुर चौकी पुलिस के स्थल पर पहुंचते तक चालक भी वहां पहुंचा। चालक से पूछचाछ के बाद पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर को धान समेत मंडी को सुपुर्द कर दिया। मौके पर जांच कार्यवाही में धान का कोई भी वैध कागजात नहीं मिला।
भंवरपुर पुलिस के मुताबिक जब ट्रैक्टर और धान को मंडी लाया जा रहा था तब ट्रैक्टर के चालक ने ट्रैक्टर को लेकर भागने की कोशिश की और वह कामयाब भी हो गया। इसके बाद मंडी कर्मचारियों में हडक़म्प मच गया। बाद में फिर से भंवरपुर चौकी के जवानों ने अवैध धान समेत ट्रैक्टर को ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक जो धान ट्रैक्टर में लाया जा रहा था वह धान डीलर का है। जिसको कुर्माडीही में खपाने की योजना बनी थी। लेकिन ट्रैक्टर का डीजल खत्म होने के कारण अवैध धान और ट्रैक्टर पकड़ा गया।