महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 नवंबर। छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 2022-23 के महासमुंद विकासखंड स्तर के अंतिम दिन खिलाडिय़ों में काफी जोश और उत्साह देखा गया। खिलाडिय़ों ने लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो.खो, रस्साकसी, बांटी कंचा, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन 4 तारीख से जिला मुख्यालय महासमुंद के शासकीय महाप्रभु वल्भाचार्य महाविद्यालय मिनी स्टेडियम में किया गया था।
जिले में चौथा और अंतिम चरण जिला स्तर पर आयोजन 17 से 26 नवम्बर तक होगा। इसके बाद यहां के विजेता संभाग स्तर पर 5 दिसम्बर से 14 दिसम्बर तक ओलंपिक में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर छठवें स्तर का छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 28 दिसम्बर से 6 जनवरी तक होगा।
छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा आयोजित छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में सभी वर्ग के लोगों का तीसरा चरण 27 अक्टूबर से 10 नवंबर तक जिले के विकासखण्ड, नगरीय क्लस्टर स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।