महासमुन्द
400 यूनिट तक के उपयोग में पाये 50 फीसदी योजना का लाभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 9 नवंबर। अति आवश्यक के दायरे में आने वाली बिजली का उपयोग तो गरीब से लेकर अमीर तक के सभी सदस्य करते हैं,लेकिन जब बिल पटाने की बारी आती है तो अधिकतर लोग हाथ खड़े कर देते हैं, और अपने हिसाब से कोई 6 माह तो कोई साल भर में बिजली के बिल का भुगतान करते हैं, नियमित बिजली बिल का भुगतान न करने के कारण अधिकांश घरेलू उपभोक्ताओं को शासन की महत्वपूर्ण योजना बिजली बिल हाफ का लाभ नहीं मिल रहा है। जिसके चलते बिजली कि बिल दिन ब दिन भारी-भरकम बढ़ रही है,जिससे उनके परिवार का आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
जानकारी अनुसार शासन द्वारा प्रतिमाह 400 मिनट तक विद्युत खर्च करने वाले विद्युत उपभोक्ताओं को 50 फीसदी बिजली बिल में छूट दे रही है, लेकिन इस बिजली बिल हाफ योजना का लाभ प्रतिमाह बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को ही मिलती है, लेकिन प्रतिमाह बिजली बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या कम होने के कारण अधिकांश विद्युत उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं, विद्युत विभाग के द्वारा योजना का लाभ पहुंचाने बिजली बिल पटाने कई तरह की सुविधाएं प्रदान की जा रही है, लेकिन उपभोक्ता बिजली बिल को पटाने,व योजना का लाभ लेकर भारी-भरकम बिल से बचने, आर्थिक बोझ से छुटकारा पाने कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।
विद्युत विभाग के द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने,जेनरेशन,ट्रांसमिशन तथा कई वितरण कंपनियां हैं।जेनरेशन प्लांट में बनाई गई बिजली को जेनरेशन कंपनी द्वारा विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित दर पर ट्रांसमिशन कंपनी को प्रदत्त किया जाता है तथा मूल्य लिया जाता है,इसी प्रकार ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा इसे निर्धारित दर पर वितरण कंपनी को उपलब्ध कराया जाता है,तथा इसका मूल्य लिया जाता है।
यहां तक तो बिजली देकर मूल्य प्राप्त करना सहज प्रक्रिया है लेकिन अब आगे वितरण कंपनी आयोग द्वारा निर्धारित दरों पर तथा शासन द्वारा घोषित विभिन्न सब्सिडी देकर विद्युत को आप सभी को विभिन्न प्रयोजनों हेतु उपलब्ध कराया जाता है।
यहां हम सभी अपनी आवश्यकतानुसार विद्युत का उपयोग तो कर लेते हैं लेकिन देयकों का भुगतान करने में सजग नहीं रहते हैं। इससे न सिर्फ कम्पनी का भारी भरकम काम एवं खर्च बढ़ाते हैं,जो की बतौर खर्च भविष्य में बिजली की दर में होने वाली वृद्धि के रूप में हमें ही भोगना होता है।
शासन द्वारा बीपीएल एवम घरेलू उपभोक्ताओ जिनके द्वारा प्रति माह 100 यूनिट से कम विद्युत का उपयोग किया जाता है के लिए फ्लैट रेट, प्रति माह मात्र 50 रु के देयक की योजना दी गई है, लेकिन कम राशि का भी हम प्रति माह 50रू का भुगतान नहीं कर सकते, सिंचाई पंपों हेतु फ्लैट रेट की योजना है,जब सिंचाई हेतु पंप चलते हैं,तो न्यूनतम 18 घंटे पंप चलते हैं,निर्धारित दर अनुसार इस पर 7000रु एक माह का देयक होगा लेकिन योजना अनुसार एक माह में प्रथम पंप हेतु 100रु,मात्र का भुगतान किया जाना है।
नियमित विद्युत बिल भुगतान कर बचे भारी बिजली बिल से - अरोरा
विद्युत विभाग सरायपाली के डीई आर के अरोरा ने कहा कि उपभोक्ता सुनी सुनाई बातों में ना आएं, एक-दूसरे के बिजली बिल की देखा-देखी में काफी उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा है,जिससे सरायपाली संभाग में बकाया राशि का आंकड़ा 115 करोड़ तक पहुंच गया है।सभी विद्युत देयक नियमित भुगतान कर ,योजनाओं का लाभ उठाएं,लोगों के बहकावे में मत आएं,उठें और अपना हक प्राप्त करे,कंपनी के सभी कार्यालयों से आपको बकाया राशि के निराकरण हेतु यथायोग्य सहयोग करने की बात कही।