महासमुन्द

सिरपुर के विकास प्राधिकरण में रायपुर के सतीश जग्गी की नियुक्ति बेमेल-डॉ. चोपड़ा
31-Oct-2022 3:21 PM
सिरपुर के विकास प्राधिकरण में रायपुर के सतीश जग्गी की नियुक्ति बेमेल-डॉ. चोपड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अक्टूबर।
पूर्व विधायक एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ.विमल चोपडा़ ने जारी विज्ञप्ति में विश्व धरोहर की श्रेणी में शामिल होने तैयारी कर रही प्राचीन नगरी सिरपुर के विकास प्राधिकरण में रायपुर के सतीश जग्गी की नियुक्ति को एक बेमेल नियुक्ति बताया है एवं कहा कि कंाग्रेस की गुटबाजी का स्पष्ट प्रभाव इस नियुक्ति में दिखता है। 

सिरपुर विकास प्राधिकरण ऐसे भी कांग्रेस के चार सालों के कार्यकाल में मृत प्राय: संस्था रही है उसमें जिले के बाहर के साथ-साथ महासमुंद विधानसभा से बाहर की नियुक्ति किसी भी हालत में नहीं होनी चाहिए। बल्कि अच्छा होता कि सिरपुर क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति या निषाद समाज के किसी व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी जाती। 

इससे क्षेत्र का गौरव बढ़ता एवं स्थानीय सोच के अनुसार सिरपुर का विकास हो पाता। पर्यटन बोर्ड में सिरपुर क्षेत्र के लोगों को स्थान न मिलने से इस क्षेत्र  के विकास की संभावना अब कांग्रेस शासन में नहीं के बराबर है। 
डॉ. चोपडा़ ने कहा है कि सिरपुर विकास प्राधिकरण की नियुक्ति में सोच क्षेत्र के विकास के बजाय राजनीतिक रही है।

 


अन्य पोस्ट