महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक महासमुंद भोजराम पटेल कल रात पुलिस अधिकारियों समेत शहर की बाजार व यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने हेतु पैदल ही सडक़ों पर निकले।
कंट्रोल रूम से पुलिस अधीक्षक ने भ्रमण प्रारंभ करते हुए सराफा बाजार व्यवस्था का अवलोकन किया। वहां पर मौजूद सराफा व्यापारियों से सराफा बाजार के बेहतर प्रबंधन तथा धनतेरस पर उन्हें बेहतर सुरक्षा व्यवस्था व यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उनसे सुझाव मांगे तथा आवश्यक प्रबंधन हेतु मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देशित किया।
तदोपरांत उन्होंने महामाया मंदिर चौक, तुमगांव चौक से लेकर लोहिया चौक व बरौंडा चौक तक समस्त बाजार व्यवस्था का अवलोकन किया। बेतरतीब खड़े वाहनों व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों पर कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।
शाम के समय सभी बाजार क्षेत्रों में वाहन पेट्रोलिंग तथा पैदल पेट्रोलिंग हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए।
उनके सथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, उप पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश देवांगन, थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर, यातायात प्रभारी निरीक्षक इंद्र भूषण पैकरा तथा साइबर प्रभारी संजय राजपूत व थानों का बल उपस्थित रहा।