महासमुन्द
सडक़ पर दोनों ओर 2 किमी जाम लगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अक्टूबर। शनिवार को रैक की ओर जा रहा एक ट्रक क्रॉसिंग के बीच ट्रैक पर ही खराब हो गया। इसकी वजह से ट्रेन यातायात भी कुछ मिनटों के लिए प्रभावित हुआ। लेकिन सडक़ यातायात करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। यातायात बहाल करने में पुलिस को करीब आधे घंटे मशक्कत करनी पड़ी। तब कहीं जाकर दो किमी तक लगे लंबे जाम से मुक्ति मिली।
बेलसोंडा रेलवे स्टेशन मास्टर के मुताबिक उस वक्त गाड़ी आने का समय था। उसी समय बीच ट्रैक पर ट्रक खराब हो गया। चालक ट्रक छोडक़र भाग गया था। ट्रक को ट्रैक से हटाने में 40 मिनट लगे। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जब ट्रैक से ट्रक को हटाया गया, तब जाकर क्रॉसिंग का गेट बंद कर महासमुंद से रायपुर व बेलसोंडा से महासमुंद की ओर मालगाड़ी को रवाना किया। इस दौरान करीब 15 से 20 मिनट रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही यातायात के जवान पहुंचे और यातायात बहाल कराया।
मालूम हो कि बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग घुमावदार होने की वजह वैसे भी आवाजाही करने वाले परेशान हैं और रेलवे के रैक स्थापित होने के बाद से परेशानी और बढ़ गई है। यहां ट्रकों को खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। यही वजह है कि तमाम ट्रकें सडक़ किनारे खड़े होते हैं। लिहाजा हर बार क्रॉसिंग बंद होने के बाद जाम की स्थिति निर्मित होती है। रेल पांत दोहरीकरण के बाद यह परेशानी और विकट हुई है।
कल होने वाली जाम के संबंध में यातायात निरीक्षक इंद्रभूषणसिंह ने बताया कि ट्रक सीजी 06 जीएफ 3309 रेलवे के रैक की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक क्रॉसिंग के पास पहुंचा, खराब हो गया, आगे नहीं बढ़ सका तो ट्रेक पर ही ट्रक खड़ा हो गया है। इसकी वजह से यातायात प्रभावित हो गया। जवानों व अन्य लोगों की मदद से ट्रक को ट्रैक से आगे बढ़ाया गया। इसके बाद मालगाड़ी के आने का सिग्नल हो गया और क्रॉसिंग का गेट बंद हो गया। इसकी वजह से क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।