महासमुन्द

हिंदी दिवस पर जिले के कई स्कूलों-अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित
16-Sep-2022 4:26 PM
हिंदी दिवस पर जिले के कई स्कूलों-अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 सितम्बर।
हिंदी दिवस पर जिले के कई स्कूलों तथा अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित हुए। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कलेण्डा में 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर राजभाषा हिंदी के विकास एवं महत्व पर विविध आयोजन किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिंदी पर कविता, निबंध लेखन, चित्र,चार्ट प्रदर्शनी, सुलेख एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शिक्षक ललित कुमार साहू ने मातृभाषा एवं राष्ट्रभाषा हिंदी के विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए हिंदी भाषा के महत्व का रेखांकन कर कहा कि हिंदी हमारे राष्ट्र के सांस्कृतिक गौरव की भाषा है। संपूर्ण भारतवर्ष में सामंजस्य बनाए रखने वाली भाषा है। हिंदी वैज्ञानिक भाषा होने के साथ-साथ आधुनिक परिवेश में सामंजस्य स्थापित करते हुए अन्य भाषाओं के शब्दों को ग्रहण करने की क्षमता रखने वाली भाषा है। अंत में शिक्षक बसंत पटेल के संयोजन में छात्र-छात्राओं द्वारा हिंदी भाषा पर चित्र चार्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षक मीना साहू, अनिल बारीक सहित सभी छात्र-छात्राएं सहभागी थे।  साक्षरता सप्ताह के अंतिम दिवस 14 सितंबर को बडग़ांव शासकीय हाई स्कूल में भी हिंदी दिवस मनाया। इस दौरान आयोजित समारोह में शिक्षकों, पालक व समिति पदाधिकारियों के साथ स्कूली बच्चे मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्राचार्य शा.बा.उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरकोनी केएस सोरी शामिल हुए। विशेष अतिथि संकुल समन्वयक निर्वाणदास मानिकपुरी रहे। अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति बडग़ांव ईश्वर यादव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। 

हिंदी व्याख्याता महेश कुमार ध्रुव ने स्वागत भाषण में साक्षरता सप्ताह के तहत विद्यालयीन गतिविधियों के बारे में बताया। साथ ही हिंदी दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कविता प्रस्तुत किया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई। जिसे सभी ने पसंद किया। वहीं अतिथियों ने हिंदी की विशेषता और महत्ता के संबंध में अपने विचार रखा। कार्यक्रम में अतिथियों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान सभी ने स्वच्छता का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में बलवंत सिंह ठाकुर, कुलेश्वर ठाकुर, लक्ष्मण चक्रधारी, संस्था प्रमुख एके वर्मा, ईश्वर साहू, किरण चक्रधारी, सतानंद निषाद व अंजना शर्मा के साथ अन्य मौजूद रहे।

बसना कॉलेज में प्रश्नोत्तरी का हुआ आयोजन स्वर्गीय जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय बसना में हिंदी पखवाड़े के तहत हिंदी विभाग की ओर से 13 सितंबर को प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 14 सितंबर को श्रुतलेखन व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टूडेंट्स ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। हिंदी विभाग के प्रमुख एनके प्रधान ने स्टूडेंट्स को श्रुतलेखन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी साथ ही हिंदी की विशेषताओं और महत्ता पर प्रकाश डाला। भाषण प्रतियोगिता में ऐश्वर्या राजपूत प्रथम, स्वराज राणा व मनीषा कैवर्त द्वितीय स्थान और उदय साव तीसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में डॉ सी बखला, दीपक कुमार साहू तथा जागेश्वर अजय ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन एनके प्रधान ने किया।

स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय नयापारा में बुधवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया गया। इसके तहत स्टूडेंट्स ने मानव श्रृंखला बनाकर हिंदी की महत्ता बताई। इस दौरान व्याख्याता केआर सागर ने हिंदी दिवस की आवश्यकता पर कहा कि हमारा भारत देश गुलाम था। कुछ समय अंग्रेज शासकों के द्वारा अंग्रेजी भाषा को अनिवार्य कर दिया गया था। लेकिन देश आजाद होने के बाद 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा में एकमत से हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित किया गया था। भामा प्रधान ने कहा कि पूरे भारत में हर प्रांत और राज्य में अलग-अलग राजकीय भाषा हैं। 

जो अलग विशेषताओं को प्रदर्शित करता है। लेकिन राष्ट्रभाषा हमें पूरे 29 राज्यों को हिंदी भाषा से संबंध स्थापित करने में मधुरता तथा संवाद स्थापित करने में एक सूत्र का कार्य करती है। 
इस दौरान स्टूडेंट्स ने भी हिंदी की विशेषता बताई। प्रभारी प्राचार्य ओपी देवांगन ने कहा कि आप सभी ऊर्जा के संचार के रूप में युवा पीढ़ी को देखा जाता है, जो पूरे दुनिया में एक नई दशा और दिशा प्रदान करता है। अत: आप सभी हिंदी को अपने प्रतिदिन के उपयोग बोल-चाल में लेखन शैली में उपयोग करें। जिससे उसकी गौरव में कोई कमी ना आए। 

शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में आंतरिक गुणवत्ता व मूल्यांकन समिति और हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डा. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय बलौदा के हिंदी के सहायक प्राध्यापक कमला बाई दीवान रहीं। उन्होंने हिंदी के संबंध में अपने विचार रखे। वहीं मंच संचालन करते हुए हिंदी के सहायक प्राध्यापक अंकित भोई ने हिंदी व अंग्रेजी कीसमानता की वकालत करते हुए छात्रों को भाषायी दुराग्रह त्यागने का संदेश दिया। आंतरिक गुणवत्ता एवं मूल्यांकन समिति के संयोजक नवीन कुमार  साहू ने हिंदी दिवस के आयोजन के इतिहास पर प्रकाश डाला। संस्था के प्राचार्य बृजलाल पटेल ने भी हिंदी को मातृभाषा कहते हुए अपनी बात रखी। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक प्रविन्द कुमार पटेल, जितेश कुमार साहू, अनिल कुमार दीवान, अजय कुमार भोई, कश्यप प्रधान, मकरध्वज राणा व सपना प्रधान के साथ स्टूडेंट्स मौजूद थे। 

 


अन्य पोस्ट