महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 सितम्बर। जिले की जर्जर हो चुकी सडक़ों के नवीनीकरण और मरम्मत के लिए ग्रामीण सडक़ विकास अभिकरण ने बरसात थमते ही कवायद तेज कर दी है। विभागीय जानकारी के मुताबिक में 113-21 किमी की कुल 44 सडक़ें जगह-जगह से टूट चुकी थी, का नवीनीकरण का काम जारी है। इसी तरह 92 सडक़ों के लिए छत्तीसगढ़ ग्रामीण सडक़ विकास अभिकरण रायपुर को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही जिले की ऐसी 37 सडक़ें जो 5 साल के अंदर जर्जर हो चुकी थीं, नवीनीकरण के बाद 5 साल की अवधि पार कर चुकी 104 सडक़ों की मरम्मत भी कराई जा रही है।
इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बारिश की वजह से बदहाल सडक़ों से लोगों को राहत जल्द मिलेगी। 113.21 किलोमीटर लंबाई की 44 सडक़ों का 21 करोड़ 93 लाख 83 हजार की लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है जो अगले माह तक पूरा होगा। इसके बाद गांव के लोगों को काफी राहत मिल जाएगी।
साथ ही साल 2022-23 के प्रस्ताव में 92 सडक़ें जिनकी लंबाई 293.87 किमी है। उनका 36 करोड़ 32 लाख रुपए से नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा जिले की 5 साल के अंदर नवीनीकृत 273.83 किलोमीटर लंबाई की 37 जर्जर हो चुकी सडक़ों का मेंटेनेंस ठेकेदारों के माध्यम से जारी है। वहीं नवीनीकरण का काम होने के बाद 5 साल की मियाद पूरी कर चुकी 385.132 किलोमीटर लंबाई की 104 सडक़ों का मरम्मत भी किया जा रहा है।
मालूम हो कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ों की खराब हालत की वजह से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जिन्हें सडक़ के नवीनीकरण और मेंटेनेंस से बड़ी राहत मिलेगी। जरूरी काम के लिए बाहर जाना हो या फिर अस्पताल तक पहुंचना हो, खराब सडक़ें बरसात में लोगों के लिए सिरदर्द साबित हो रही थीं। गड्ढों की वजह से ईंधन की खपत के अलावा गाडिय़ों के मेंटेनेंस पर भी अतिरिक्त खर्चा पड़ रहा है। इतना ही नहीं बरसात के दिनों में ये गड्ढे सडक़ दुर्घटना का कारण भी बन रहे थे।