महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 सितम्बर। बसना जनपद क्षेत्र के ग्राम सिरको की सचिव को बिना अनुमति के मुख्यालय छोडऩा महंगा पड़ गया। दौरे पर पहुंचे कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ ने कार्य के दौरान उन्हें अनुपस्थित पाया। पूछताछ में पता चला कि वे बिना बताए अनुपस्थित हैं। दूसरी ओर पंचायत सचिव सोशल मीडिया में विदेश भ्रमण की फोटो व वीडियो बराबर अपलोड कर रही हैं, इसकी जानकारी भी कुछ लोगों ने कलेक्टर व सीईओ को दी। इस पर कलेक्टर ने निलंबन के निर्देश दिए।
इसके बाद सीईओ ने कार्रवाई के लिए प्रस्ताव जनपद पंचायत बसना के सीईओ से मांगा। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ एस आलोक ने कहा कि दौरे पर जब गांव पहुंचे तो सचिव अंजनी साहू मुख्यालय में नहीं थी। इसलिए कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। वहीं बसना जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सनत महादेवा ने बताया कि सचिव बिना बताए मुख्यालय में नहीं है।
उन्होंने छुट्टी के लिए भी ऐसा कोई आवेदन नहीं दिया है। जिला पंचायत सीईओ के आदेश के बाद सचिव अंजनी साहू पर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव बनाकर जिला पंचायत भेज दिया गया है।